चंडीगढ़ पुलिस को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस ध्वज, राज्यपाल ने दी बधाई
चंडीगढ़ पुलिस का नया गौरवमयी अध्याय
राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने डीजीपी और सभी कर्मियों को दी बधाई, कानून-व्यवस्था व आधुनिक पुलिसिंग की सराहना
1 नवंबर को 60वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे प्रदान, पुलिस बल में खुशी की लहर
चंडीगढ़ (प्रोसन बर्मन): चंडीगढ़ पुलिस के इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। चंडीगढ़ पुलिस को प्रतिष्ठित 'प्रेसीडेंट्स पुलिस कलर' (राष्ट्रपति पुलिस ध्वज) से अलंकृत किया जाएगा। इस संबंध में यूटी के पुलिस महानिदेशक (DGP) डॉ. सागर प्रीत हुड्डा ने सोमवार को पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। राज्यपाल ने इस गौरवशाली उपलब्धि पर डीजीपी और चंडीगढ़ पुलिस के समस्त बल को हार्दिक बधाई दी।
चंडीगढ़ पुलिस आगामी 1 नवंबर 2026 को अपना 60वां स्थापना दिवस (Raising Day) मनाने जा रही है। इसी ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विशेष रूप से चंडीगढ़ पहुंचेंगे और अपने कर-कमलों से चंडीगढ़ पुलिस को इस प्रतिष्ठित ‘प्रेसीडेंट्स पुलिस कलर’ से सम्मानित करेंगे।
उत्कृष्ट सेवाओं और समर्पण की बड़ी मान्यता
बैठक के दौरान चर्चा की गई कि यह सम्मान चंडीगढ़ पुलिस के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। यह मान्यता बल द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जन सुरक्षा सुनिश्चित करने, आधुनिक पुलिसिंग तकनीकों को अपनाने, साइबर अपराधों पर लगाम कसने, सुगम यातायात प्रबंधन और नागरिकों को त्वरित सहायता प्रदान करने में दिखाई गई अटूट निष्ठा, व्यावसायिकता और उत्कृष्ट सेवाओं का प्रमाण है।
डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा ने इस ऐतिहासिक मील के पत्थर को चंडीगढ़ पुलिस की सामूहिक मेहनत और जन-केंद्रित पुलिसिंग का परिणाम बताते हुए सभी अधिकारियों और कर्मियों को बधाई दी है। इस प्रतिष्ठित सम्मान से पुलिस बल का मनोबल और अधिक ऊंचा हुआ है।
