जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का नया रूप: आधुनिक सुविधाओं के साथ सांस्कृतिक विरासत का समावेश
जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का कायाकल्प
125 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन की नई इमारत में पंजाब की सांस्कृतिक धरोहर की झलक मिलेगी
स्टेशन में स्टील ट्रफ रूफ, 36 मीटर चौड़ा एयर कॉनकोर्स, 6 और 9 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट-एस्केलेटर और आधुनिक यात्री सुविधाएं शामिल हैं
जालंधर: अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इसी योजना के अंतर्गत जालंधर का कैंट रेलवे स्टेशन भी एक महत्वपूर्ण बदलाव के साथ तैयार हो रहा है। इस स्टेशन का उद्घाटन शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन से पहले रेलवे, जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अंतिम तैयारियों में जुटी हुई हैं।
जालंधर कैंट स्टेशन, जो लगभग 110 वर्ष पुराना है, का पुनर्विकास 125 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इस पुनर्निर्माण में स्टेशन की ऐतिहासिक पहचान को बनाए रखा गया है। नए डिजाइन में पंजाब की सांस्कृतिक विरासत का समावेश किया गया है, जिसमें आधुनिक तकनीक और पारंपरिक शैली का बेहतरीन तालमेल देखने को मिलता है। इसके अलावा, 'वन स्टेशन-वन प्रोडक्ट' योजना के तहत स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिए विशेष स्टॉल भी स्थापित किए गए हैं।
एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं
कैंट रेलवे स्टेशन यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी अनुभव प्रदान करेगा
यह पंजाब का पहला रेलवे स्टेशन होगा जो यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं प्रदान करेगा। स्टेशन पर 36 मीटर चौड़ा डबल-हाइट एयर कॉनकोर्स बनाया गया है, जिससे हजारों यात्रियों की आवाजाही पहले से कहीं अधिक सुगम हो गई है। यात्रियों के बैठने और प्रतीक्षा करने के लिए आरामदायक सीटें और चार्जिंग सिस्टम भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा, आधुनिक लिफ्ट, एस्केलेटर, दिव्यांग अनुकूल रैंप, व्हीलचेयर सुविधा, और ऊर्जा बचाने वाली एलईडी लाइटिंग जैसी सुविधाएं भी शामिल की गई हैं।
विशेषताएं और सुविधाएं
40 मीटर चौड़ी स्टील ट्रफ रूफ है आकर्षण का केंद्र
स्टेशन की एक प्रमुख विशेषता 40 मीटर चौड़ी स्टील ट्रफ रूफ है, जो लगभग 200 मीटर लंबे प्लेटफॉर्म को कवर करती है। यह यात्रियों को तेज धूप, बारिश और खराब मौसम से सुरक्षा प्रदान करती है। नए फुट ओवरब्रिज भी यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाए गए हैं। इसके अलावा, स्टेशन परिसर में लगभग 4855 वर्गमीटर का आधुनिक पार्किंग क्षेत्र भी विकसित किया गया है।
यातायात और सेवाएं
कैंट रेलवे स्टेशन पर रोजाना 66 ट्रेनों का संचालन
जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन उत्तर रेलवे के महत्वपूर्ण स्टेशनों में से एक है, जहां रोजाना 66 ट्रेनों का अप और डाउन होता है। यहां औसतन 7500 से अधिक यात्रियों का आवागमन होता है। स्टेशन से दो जोड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस, एक हमसफर एक्सप्रेस, और एक गरीब रथ एक्सप्रेस सहित कई मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें संचालित होती हैं। यह स्टेशन पूरी तरह से यात्री सेवाओं के लिए समर्पित है और यहां मालगाड़ियों का संचालन नहीं किया जाता।
