जिम्बाब्वे में नौका हादसे में मृतकों की संख्या 72 हुई
जिम्बाब्वे में नौका दुर्घटना
जिम्बाब्वे की करीबा झील से 26 अतिरिक्त शवों की बरामदगी के बाद नौका दुर्घटना में मारे गए लोगों की कुल संख्या 72 हो गई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी साझा की। मृतकों में 18 बच्चे भी शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि तेज लहरों के कारण मंगलवार को यह नौका पलट गई थी। अब तक 26 और शव मिलने के बाद मृतकों की संख्या में वृद्धि हुई है। यह पुरानी नौका करीबा शहर से उत्तर-पश्चिम में स्थित ग्रामीण क्षेत्रों और मछुआरों की बस्तियों की ओर जा रही थी, जहां सड़कें खराब हैं और सार्वजनिक परिवहन की सुविधाएं सीमित हैं।
हालांकि, अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया कि नौका में कुल कितने लोग सवार थे या कितने लोग अभी भी लापता हैं। अनुमान है कि नौका में 153 यात्री थे, जबकि इसकी अधिकतम क्षमता 90 यात्रियों की थी। जिम्बाब्वे की आपदा प्रबंधन एजेंसी ने बताया कि 77 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।
प्राधिकारियों ने पहले कहा था कि नौका में सवार बच्चों की संख्या की सही जानकारी नहीं है, क्योंकि टिकट के लिए निर्धारित उम्र से कम उम्र के बच्चों को यात्रियों की कुल संख्या में नहीं जोड़ा गया था। बाद में पुलिस द्वारा जारी सूची से पता चला कि मृत बच्चों में से 16 की उम्र 10 वर्ष या उससे कम थी, जिसमें सबसे छोटा बच्चा केवल एक वर्ष का था।
