झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन
रूपी सोरेन का निधन, शोक की लहर
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन की पत्नी, रूपी सोरेन का निधन हो गया है। उन्होंने रांची के हिल व्यू अस्पताल में रात लगभग 8:45 बजे अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार थीं। उनके निधन की सूचना मिलते ही सोरेन परिवार, झामुमो कार्यकर्ताओं और पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई।
रूपी सोरेन केवल एक राजनीतिक परिवार की मुखिया नहीं थीं, बल्कि झारखंड आंदोलन से लेकर राज्य की सत्ता तक के सफर में सोरेन परिवार की सबसे बड़ी संबल और मातृशक्ति के रूप में जानी जाती थीं। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के लंबे राजनीतिक और सामाजिक आंदोलनों के दौरान परिवार को संभालने से लेकर बच्चों के मार्गदर्शन तक, उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अक्सर अपने सार्वजनिक भाषणों में माता-पिता के प्रति अपने गहरे जुड़ाव और संस्कार का उल्लेख करते रहे हैं। उनके लिए उनकी मां पारिवारिक अनुशासन और आत्मबल का मुख्य स्रोत थीं। रूपी सोरेन के निधन पर राज्य के वरिष्ठ राजनेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास और सोरेन परिवार के पैतृक आवास पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा हुआ है। समर्थकों का कहना है कि रूपी सोरेन का जाना न केवल सोरेन परिवार के लिए, बल्कि पूरे झारखंड के उस दौर की स्मृतियों के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसने राज्य निर्माण की नींव रखी थी। अंतिम संस्कार नेमरा में होगा।
