तापसी उपाध्याय ने विद्या धाम में मोटापा मुक्त भारत अभियान का संदेश दिया
तापसी उपाध्याय का विद्या धाम दौरा
जालंधर: सोशल मीडिया पर 'बी.टेक. पानी पुरी वाली' के नाम से मशहूर तापसी उपाध्याय ने सोमवार को विद्या भारती पंजाब प्रांत कार्यालय विद्या धाम का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने 'मोटापा मुक्त भारत अभियान' के अनुभव साझा करते हुए स्वस्थ जीवनशैली, योग और संतुलित आहार के महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम में विद्या भारती पंजाब के संगठन मंत्री श्री राजेंद्र कुमार, सर्वहितकारी प्रकाशन समिति के महामंत्री श्री मनीष, प्रांत कार्यालय प्रमुख डॉ. अखिलेश्वर सिंह अरोड़ा, सर्वहितकारी प्रकाशन समिति के संयोजक श्री नरेंद्र शर्मा और प्रांत कार्यालय के सभी कर्मचारी मौजूद थे। सभी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और अभियान के उद्देश्यों तथा उनकी यात्रा के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
तापसी उपाध्याय ने बताया कि उन्होंने 9 मार्च 2025 को मोटापा मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की थी। पिछले 16 महीनों में, उन्होंने देश के 25 राज्यों में लगभग 28,000 किलोमीटर की यात्रा की है। इस दौरान, उन्होंने 800 से अधिक स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और समाज के विभिन्न वर्गों को मोटापे से बचाव, नियमित योग, संतुलित भोजन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया है।
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य देशभर में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। यह अभियान विश्व का सबसे बड़ा मोटापा मुक्त भारत अभियान बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस अभियान की सराहना की और इसे राष्ट्रहित में एक प्रेरणादायक पहल बताया। उन्होंने इसके सफल और मंगलमय यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
तापसी उपाध्याय ने यह भी बताया कि उनके इस राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता अभियान का समापन 15 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में होगा।
