तेज प्रताप यादव ने अपने पीए पर चोरी का आरोप लगाया, 20 लाख रुपये और महंगे सामान गायब
चोरी का मामला पटना में दर्ज
पटना: बिहार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक मोतीलाल राय के खिलाफ पटना के सचिवालय थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन पर नकद राशि और अन्य कीमती सामान चुराने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में तेज प्रताप ने प्राथमिकी दर्ज करने और त्वरित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। राजद अध्यक्ष लालू यादव के बेटे तेज प्रताप ने आवेदन में कहा कि मोतीलाल राय ने उनके पटना स्थित आवास से लगभग 20 लाख रुपये नकद और अन्य मूल्यवान सामान चुरा लिया। मोतीलाल राय उनके निजी सहायक के रूप में कार्यरत थे।
उनके अनुसार, यह राशि पार्टी फंड से संबंधित थी। चोरी गए सामान में 2 तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, सोनी कंपनी की चार पेन ड्राइव, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक लैपटॉप, एक लेनोवो लैपटॉप और चार आईफोन 17 प्रो मैक्स शामिल हैं।
तेज प्रताप यादव ने दावा किया है कि यह घटना 22 जून 2026 की रात को हुई। उन्होंने कहा कि रात करीब 11:30 बजे उनके ड्राइवर अनिल यादव और आवास पर रहने वाले विशाल ने मोतीलाल राय को एक बैग लेकर बाउंड्री फांदते हुए देखा। दोनों को उन्होंने इस घटना का प्रत्यक्षदर्शी गवाह बताया है। पूर्व मंत्री ने पुलिस से मांग की है कि मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए, आरोपित की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और चोरी गए सामान की शीघ्र बरामदगी कराई जाए।
पुलिस ने कहा है कि शिकायत की जांच की जा रही है और उपलब्ध तथ्यों तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
