दिल्ली और अन्य राज्यों में बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी
मौसम का मिजाज
नई दिल्ली. भारत में मानसून का प्रभाव अभी भी जारी है। मौसम विभाग ने 21 सितंबर को कई राज्यों में मौसम बिगड़ने की चेतावनी दी है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और ओडिशा जैसे राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
तटीय आंध्र प्रदेश में आज (21 सितंबर) भारी बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी भारी बारिश के साथ गरज, बिजली और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। तेलंगाना में कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि तमिलनाडु, रायलसीमा और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में आंधी चलने की आशंका है। हवा की गति 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दिल्ली और यूपी का मौसम
21 सितंबर को दिल्ली का मौसम सुबह से ही खुशनुमा रहेगा। दिन में हल्की बारिश की संभावना है, और हवा की गति 30-35 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की उम्मीद है। दिल्ली में अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, मेरठ, गौतम बुद्ध नगर, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र जैसे कई जिलों में भी बारिश होने की संभावना है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
ओडिशा और पूर्वी भारत में बारिश
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय प्रणाली के कारण ओडिशा और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में बारिश की संभावना है। ओडिशा में बारिश की संभावना कम है, लेकिन गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी दिन में बारिश होने का पूर्वानुमान है। इसके साथ ही बिजली गिरने और आंधी की संभावना भी जताई गई है।
