दिल्ली में पीजी इमारत गिरने के मामले में दो आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना
नई दिल्ली: दिल्ली के सत्य निकेतन क्षेत्र में 6 सितंबर को हुई पांच मंजिला पीजी इमारत के गिरने के मामले में पटियाला हाउस कोर्ट ने आरोपियों सुधांशु और शुभम त्यागी को 12 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, ये दोनों आरोपी उस इमारत में पीजी का संचालन कर रहे थे, जो हादसे का शिकार हुई। पुलिस अब इनसे इस घटना के संबंध में पूछताछ करेगी।
सत्य निकेतन में हुई इस दुर्घटना के बाद, दिल्ली में पीजी भवनों की सुरक्षा को लेकर एक सर्वेक्षण किया गया, जिसमें कई इमारतों में सुरक्षा खामियां पाई गईं। इस सर्वे में 2250 पीजी की जांच की गई, जिनमें से 138 इमारतों को मरम्मत की आवश्यकता बताई गई। इनमें से 90 पीजी दक्षिणी जोन में स्थित हैं, जहां लगभग 47 हजार लोग निवास करते हैं। सर्वे में चार इमारतों को खतरनाक घोषित किया गया है।
सत्य निकेतन में पीजी इमारत के गिरने के बाद, दिल्ली हाईकोर्ट ने एमसीडी को निर्देश दिया कि वह एक सप्ताह के भीतर पीजी भवनों का सुरक्षा ऑडिट करे। अदालत ने यह भी पूछा कि पीजी आवासों के संचालन के लिए एमसीडी के अलावा कौन-कौन सी नियामक व्यवस्थाएं लागू हैं।
