दिल्ली में बारापुला फेज-3 कॉरिडोर का उद्घाटन, यात्रा होगी आसान
बारापुला फेज-3 का उद्घाटन
दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर के निवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात के रूप में, गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को बहुप्रतीक्षित बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर, अमित शाह ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कॉरिडोर का लोकार्पण किया और तुरंत वापस लौट गए। इस नए कॉरिडोर के चालू होने से मयूर विहार से एम्स और दक्षिण दिल्ली तक का सफर अब पूरी तरह से सिग्नल-फ्री हो गया है, जिससे लाखों वाहन चालकों को जाम से राहत मिलेगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उद्घाटन समारोह में पूर्व आम आदमी पार्टी सरकार पर विकास कार्यों को रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'पिछली सरकार ने दिल्ली को बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। हमारी सरकार ने महज डेढ़ साल में रुके हुए विकास कार्यों को तेजी से शुरू किया है। हम दिल्ली की जनता को हर सुख-सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।'
आज दिल्ली के विकास की यात्रा में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ा है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के मार्गदर्शन में माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी के करकमलों से ₹1,941 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास हुआ। समस्त… pic.twitter.com/Fztk02J5eK
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) September 29, 2026
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आगे कहा, 'मयूर विहार से सराय काले खां तक बनने वाला यह एलिवेटेड कॉरिडोर 2014 में स्वीकृत हुआ था, लेकिन लंबे समय तक अधूरा पड़ा रहा। हमारी सरकार के आने के बाद, पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा और अधिकारियों के प्रयासों से इस परियोजना को डेढ़ साल में पूरा कर जनता को समर्पित किया गया।'
उन्होंने विश्वास जताया कि यह कॉरिडोर दिल्लीवासियों के दैनिक सफर को सुगम बनाएगा। इस नए कॉरिडोर के शुरू होने से पूर्वी और दक्षिण दिल्ली के बीच यातायात कनेक्टिविटी में सुधार होगा।
दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि जब से दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है, उन्होंने इस अटके हुए प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों में आम आदमी पार्टी का कोई भी नेता इस फ्लाईओवर की स्थिति जानने नहीं आया।
मंत्री वर्मा ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार की लापरवाही के कारण इस प्रोजेक्ट को पूरा होने में 9 साल लग गए, जिससे इसकी निर्माण लागत भी दोगुनी हो गई और दिल्ली की जनता को वर्षों तक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार में कार्यभार संभालते ही उन्होंने जो समय सीमा तय की थी, उसी के अनुसार अधिकारियों ने तत्परता से काम किया, जिसके बाद आज गृह मंत्री अमित शाह ने इसे जनता को सौंप दिया।
पीडब्ल्यूडी मंत्री ने अंत में कहा कि इस कॉरिडोर के शुरू होने से अब पूर्वी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को सड़क पर लगने वाले भीषण जाम से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी और यह सफर अब घंटों के बजाय कुछ ही मिनटों में तय हो सकेगा।
