नेपाल के सुनसरी जिले में सांप्रदायिक हिंसा के बाद कर्फ्यू जारी
सुनसरी जिले में कर्फ्यू की स्थिति
(शिरीष बी प्रधान) काठमांडू, 30 जुलाई - नेपाल के कोशी प्रांत में भारत की सीमा से सटे सुनसरी जिले के कुछ क्षेत्रों में सांप्रदायिक हिंसा के चलते चौथे दिन भी अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू है। इस हिंसा में एक व्यक्ति की जान चली गई है और कई अन्य घायल हुए हैं। सुनसरी के सहायक मुख्य जिला अधिकारी पोषण लामिछाने ने बताया कि जिले में सुरक्षा की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने सोमवार को कर्फ्यू लगाने का निर्णय लिया था, जिसे बाद में बढ़ाते हुए पूर्व-पश्चिम राजमार्ग सहित 10 क्षेत्रों को इसके दायरे में शामिल किया गया। अधिकारी ने जानकारी दी कि कर्फ्यू अगले आदेश तक जारी रहेगा।
कर्फ्यू के दौरान लोगों की आवाजाही, एकत्र होने, प्रदर्शन करने, जनसभा करने और धरने देने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके साथ ही, संवेदनशील क्षेत्रों और सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा को भी बढ़ा दिया गया है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सुनसरी जिले में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई है।
दो धार्मिक समुदायों के उत्सव के दौरान विवाद के बाद भिड़े समूहों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और सुरक्षाकर्मियों सहित 12 से अधिक लोग घायल हुए।
