नेपाल में बाढ़ से बढ़ी तबाही, मृतकों की संख्या 1,377 तक पहुंची
नेपाल में बाढ़ का कहर
(शिरीष बी. प्रधान) काठमांडू, 10 सितंबर - नेपाल में अचानक आई बाढ़ के कारण जान गंवाने वालों की संख्या अब 1,377 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को प्रभावित क्षेत्रों से और शवों की बरामदगी हुई है, जबकि 5,000 से अधिक लोग अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) के अनुसार, चितवन जिले से 364 शव, पूर्वी नवलपरासी से 228, पश्चिमी नवलपरासी से 222 और नुवाकोट से 198 शव मिले हैं।
इसी प्रकार, रसुवा से 178, गोरखा से 77, धाडिंग से 70 और तनाहुं से 38 शव बरामद किए गए हैं। एनडीआरआरएमए ने बताया कि बाढ़ के दो पीड़ितों की काठमांडू में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। सुरक्षा बलों की संयुक्त कमान लापता लोगों की खोज और बचाव कार्य में जुटी हुई है।
लापता लोगों की संख्या लगभग 5,130 है। अब तक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से 13,656 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। 26 अगस्त को हिमस्खलन के कारण अचानक आई बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कस्बों और गांवों में व्यापक तबाही मचाई।
भोटेकोशी नदी, जो हिमालयी सीमावर्ती क्षेत्र से दक्षिण की ओर बहती है, बाढ़ के पानी को अपने साथ ले गई, जिससे घर, वाहन, सड़कें और पुल बह गए और जलविद्युत परियोजनाएं भी प्रभावित हुईं। चीनी मीडिया के अनुसार, इस आपदा में चीन की ओर भी कम से कम 43 लोगों की जान गई है, जबकि तिब्बत में 500 से अधिक लोग अब भी लापता हैं।
