नेपाल में विनाशकारी बाढ़ से मृतकों की संख्या 1,357 तक पहुंची
नेपाल में बाढ़ का कहर
(शिरीष बी प्रधान) काठमांडू, 8 सितंबर - नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ के कारण मृतकों की संख्या बढ़कर 1,357 हो गई है। अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) ने बताया कि बचाव दल अब भी 5,326 लापता लोगों की खोज कर रहे हैं, जबकि 13,583 व्यक्तियों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।
26 अगस्त को नेपाल-तिब्बत सीमा के निकट हिमस्खलन के कारण भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कई कस्बों और गांवों में व्यापक तबाही मचाई। विभिन्न स्थानों से और शव मिलने के बाद, मृतकों की संख्या में वृद्धि हुई है। सुरक्षाबलों की संयुक्त कमान ने चितवन जिले से 363, नवलपरासी पूर्व से 223, नवलपरासी पश्चिम से 222 और नुवाकोट से 197 शव बरामद किए हैं।
इसी प्रकार, रसुवा से 169, गोरखा से 75, धादिंग से 70 और तनहूं से 38 शव मिले हैं। एनडीआरआरएमए के अनुसार, सोमवार तक केवल 102 शवों की पहचान की गई है और उन्हें उनके परिवारों को सौंपा गया है। चीनी मीडिया के अनुसार, इस आपदा में चीन के नियंत्रित तिब्बत में भी कम से कम 43 लोगों की मौत हुई है, जबकि 500 से अधिक लोग अब भी लापता हैं।
एनडीआरआरएमए के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार तक रासुवा, नुवाकोट और धादिंग में सरकारी आश्रय शिविरों में लगभग 3,500 लोग रह रहे थे। हालांकि, बाढ़ से प्रभावित कई अन्य लोग स्कूलों, मंदिरों, मठों, खाली कार्यालयों, सामुदायिक भवनों और जंगलों में तंबू लगाकर शरण ले रहे हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जल विद्युत परियोजनाओं पर भी बड़े पैमाने पर बचाव कार्य चल रहे हैं, और आशंका है कि इन परियोजनाओं की भूमिगत सुरंगों में लगभग 121 लोग फंसे हो सकते हैं।
