न्यू जर्सी में पुल पर मालवाहक जहाज की टक्कर से यातायात प्रभावित
पुल पर टकराने से यातायात में रुकावट
बृहस्पतिवार को डेलवेयर नदी पर स्थित एक पुल से एक मालवाहक जहाज की टक्कर के कारण न्यू जर्सी के पाल्मायरा और फिलाडेल्फिया के बीच यातायात बाधित हो गया। पेंसिल्वेनिया के एक जन प्रतिनिधि एड नीलसन ने इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस टक्कर के चलते 1,115 मीटर लंबा टैकोनी-पाल्मायरा पुल बंद नहीं हो पा रहा है, जिससे फिलाडेल्फिया की दिशा में भारी जाम लग गया है।
इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। यह पुल एक ड्रॉब्रिज है, जो जहाजों के लिए रास्ता बनाता है। जब नदी में कोई बड़ा जहाज गुजरता है, तो पुल का मध्य भाग ऊपर उठाया जाता है, जिसे तकनीकी रूप से पुल का ‘खुला’ होना कहा जाता है।
अमेरिकी तटरक्षक बल ने बताया कि मालवाहक जहाज फिलहाल पेंसिल्वेनिया के ब्रिस्टल में किंडर मॉर्गन के एक अड्डे पर खड़ा है, जहां एक निरीक्षण दल मौके पर मौजूद है। तटरक्षक बल ने अभी तक जहाज के मालिक या संचालक के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है।
तटरक्षक बल के अनुसार, टक्कर के समय, दोपहर लगभग 1:15 बजे, यह ड्रॉब्रिज जहाजों के गुजरने के लिए खुला हुआ था। बृहस्पतिवार दोपहर तक पुल के संचालक ‘बर्लिंगटन काउंटी ब्रिज कमीशन’ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
हालांकि, रिकॉर्ड किए गए एक संदेश में कहा गया है कि अगली सूचना तक पुल वाहनों और पैदल यात्रियों के लिए बंद रहेगा।
