न्यूयॉर्क में नौका पलटने से महिला और उसकी बेटी की मौत
न्यूयॉर्क में नौका दुर्घटना
न्यूयॉर्क, 9 अगस्त - अमेरिका के न्यूयॉर्क के बंदरगाह क्षेत्र में एक नौका के पलटने से एक महिला और उसकी पांच महीने की बच्ची की जान चली गई। इस घटना के बाद नाव के चालक पर आपराधिक आरोप लगाए गए हैं। अमेरिकी तटरक्षक बल ने रविवार को जानकारी दी कि वे यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या यह नाव अवैध रूप से यात्रियों को ले जाने के लिए इस्तेमाल की जा रही थी।
तटरक्षक बल के अनुसार, 22 फुट लंबी ‘बेलाइनर स्पीडबोट‘ शनिवार रात लगभग 10:25 बजे ‘स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी’ के निकट लिबर्टी द्वीप के पास पलट गई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले 12 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया था। इसके बाद, पुलिस के गोताखोरों ने 27 वर्षीय महिला और उसकी पांच महीने की बच्ची को पानी से बाहर निकाला।
दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तटरक्षक बल के अनुसार, अन्य लोगों की स्थिति स्थिर है। न्यूयॉर्क सेक्टर के कमांडर कैप्टन डोरीन मैकार्थी ने कहा, “इस घटना में लोगों की जान जाने से हमें गहरा दुख हुआ है। इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं पीड़ितों के परिवारों और उनके प्रियजनों के साथ हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि हम अपनी सहयोगी एजेंसियों और उस नाव के चालक के प्रति आभारी हैं, जिसने तेजी से और साहसिकता से लोगों को पानी से निकालने में मदद की।
