पंजाब में मानसून की मेहरबानी: आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
बारिश का सिलसिला जारी
अगले दो दिन भी बारिश की संभावना
चंडीगढ़: पंजाब में मानसून ने अपनी पूरी ताकत दिखाई है। पूरे राज्य में बारिश का दौर जारी है। हालांकि, अपेक्षित मात्रा में बारिश नहीं हुई है, फिर भी यह गर्मी से राहत देने में सफल रही है और किसानों के चेहरे पर खुशी लाने का काम कर रही है।
हल्की बारिश फसलों के लिए लाभकारी साबित होती है। भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा ने अगले दो दिनों तक बारिश की उम्मीद जताई है। लेकिन, 1 जुलाई से 22 जुलाई तक के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में सामान्य से 29 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
आज इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
चंडीगढ़ और पंजाब के 23 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है। अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राज्य के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की मामूली वृद्धि हुई है, लेकिन यह अब भी सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम है। बठिंडा में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
स्थानीय प्रशासन की अपील
बारिश और तेज हवा के चलते जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे गरज-चमक के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। फिलहाल, किसी बड़े खतरे का अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन मौसम की स्थिति पर नजर रखने के लिए यलो एडवाइजरी जारी की गई है।
पंजाब में मौसमी गतिविधियों का प्रभाव
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, पंजाब-चंडीगढ़ के ऊपर मानसून ट्रफ सक्रिय है और जम्मू क्षेत्र की ओर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इन प्रणालियों के प्रभाव से अगले 2-3 दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना नहीं है। कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
