पटना में पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों का उग्र प्रदर्शन, स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़
पटना में अभ्यर्थियों का गुस्सा भड़का
पटना: बिहार पुलिस की भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों का गुस्सा रविवार को पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हिंसक रूप ले लिया। छात्रों ने ट्रेन की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए स्टेशन पर हंगामा किया और परीक्षा के लिए चलाई गई स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ की। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, जिसमें लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागने की नौबत आई।
पुलिस अधिकारियों को चोटें आईं
रविवार को बड़ी संख्या में परीक्षार्थी पाटलिपुत्र स्टेशन पर एकत्र हुए थे। ट्रेनों की व्यवस्था को लेकर छात्रों की नाराजगी बढ़ने पर उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। यह शांतिपूर्ण प्रदर्शन जल्द ही उग्र हो गया, जिससे रेलवे संचालन बाधित हुआ। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर उन्हें एक्शन लेना पड़ा। इस दौरान आईजी समेत कई पुलिस अधिकारियों को चोटें आईं। सुरक्षा के लिए स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
अतिरिक्त ट्रेनों की मांग पर हंगामा
पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने बताया कि प्रशासन को देर रात हंगामे की सूचना मिली थी। प्रशासन ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की। डीएम के अनुसार, स्टेशन पर पहले से दो स्पेशल ट्रेनें उपलब्ध थीं, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व इमरजेंसी चेन खींचकर अतिरिक्त ट्रेनों की मांग कर रहे थे। इन उपद्रवियों ने शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को भी ट्रेन में चढ़ने से रोका, जिसके कारण पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। डीएम ने कहा कि अब स्थिति सामान्य है और सभी निर्धारित ट्रेनें रवाना हो चुकी हैं।
उपद्रवियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज का उपयोग
इस हिंसक घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। आईजी ने कहा कि छात्रों द्वारा जबरन ट्रेन खोलने की मांग को लेकर हंगामा किया गया, जिसके बाद लाठीचार्ज किया गया। कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। आईजी ने निर्देश दिया है कि सीसीटीवी कैमरों और वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
