पीएम मोदी ने 'मन की बात' में खोए फोन की वापसी के लिए 'संचार साथी' ऐप का किया जिक्र
पीएम मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम
नई दिल्ली : हर महीने के अंतिम रविवार को पीएम नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' के 140वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने भारत सरकार के 'संचार साथी' ऐप का उल्लेख किया। पीएम मोदी के अनुसार, यह ऐप मोबाइल उपयोगकर्ताओं को साइबर धोखाधड़ी से बचाने और खोए हुए फोन को पुनः प्राप्त करने में सहायक है।
मन की बात में पीएम मोदी ने कहा, "मेरे प्रिय देशवासियों, सोचिए अगर आपका मोबाइल फोन खो जाए तो कितनी मुश्किलें आती हैं। फोन में आपके संपर्क, तस्वीरें, महत्वपूर्ण दस्तावेज और कई आवश्यक जानकारियाँ होती हैं। जब फोन खो जाता है, तो उसे वापस पाने की उम्मीद धीरे-धीरे कम होने लगती है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। आपका खोया हुआ फोन वापस मिल सकता है, और इसके लिए भारत सरकार का डिजिटल प्लेटफॉर्म आपकी मदद कर सकता है। इस प्लेटफॉर्म का नाम है 'संचार साथी'।"
उन्होंने आगे बताया, "अब तक 'संचार साथी' के पोर्टल पर 30 करोड़ से अधिक विजिट हो चुके हैं। लगभग 3 करोड़ बार इस ऐप को डाउनलोड किया गया है। 'संचार साथी' से हमारे बैंक, पेमेंट ऐप्स, टेलीकॉम कंपनियां और पुलिस सहित 1600 से अधिक संस्थान जुड़े हुए हैं। इससे कई साइबर धोखाधड़ी के प्रयासों को समय पर नाकाम करने में मदद मिली है। इस व्यवस्था के माध्यम से अब तक 5000 करोड़ रुपये से अधिक के संभावित नुकसान को रोका गया है।"
