Newzfatafatlogo

ब्रिटेन में आतंकवादी गतिविधियों की साजिश के तहत पांच गिरफ्तार

ब्रिटेन के एक गांव में रॉयल एयरफोर्स के निकट आतंकवादी गतिविधियों की योजना बनाने के संदेह में पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध वाहनों के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाया गया है। जानें इस घटना के बारे में अधिक जानकारी और ब्रिटिश सरकार की प्रतिक्रिया।
 | 

ब्रिटेन में आतंकवाद-रोधी कार्रवाई

(अदिति खन्ना) लंदन, 27 सितंबर - ब्रिटेन के एक गांव में रॉयल एयरफोर्स के एक ठिकाने के निकट आतंकवादी गतिविधियों की योजना बनाने के संदेह में रविवार को पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। देश की आतंकवाद-रोधी पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि स्थानीय पुलिस को रात 12:45 बजे तीन संदिग्ध वाहनों के आरएएफ फेयरफोर्ड की ओर बढ़ने की सूचना मिली थी, जिसके बाद हथियारबंद पुलिस मौके पर पहुंची।


पुलिस के अनुसार, पांच संदिग्धों को विस्फोटक अधिनियम और आतंकवाद अधिनियम के तहत अपराध की साजिश रचने के आरोप में ग्लूसेस्टरशायर के वेल्फोर्ड क्षेत्र से पकड़ा गया। एक बयान में पुलिस ने कहा, “आतंकवाद-रोधी पुलिस अब पुष्टि कर सकती है कि वह ग्लूसेस्टरशायर में आरएएफ फेयरफोर्ड के निकट हुई घटना की जांच कर रही है।”


आतंकवाद-रोधी पुलिस के वरिष्ठ राष्ट्रीय समन्वयक विकी इवांस ने बताया कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और पांच व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। इवांस ने कहा, “जैसा कि आप उम्मीद कर सकते हैं, हम घटना से संबंधित परिस्थितियों को समझने के लिए अपने सहयोगियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।”


उन्होंने आगे कहा, “हम घटनास्थल से सबूत इकट्ठा करने के साथ-साथ ग्लूसेस्टरशायर पुलिस के साथ मिलकर समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।” संदिग्ध वाहनों के चारों ओर 400 मीटर का घेरा बनाया गया है और सेना की विस्फोटक निस्तारण इकाई उनकी जांच कर रही है। एहतियात के तौर पर, जांच के दौरान लगभग 85 घरों को खाली कराया गया है।


इससे पहले, ग्लूसेस्टरशायर पुलिस ने एक “बड़ी घटना” को विफल करने की घोषणा की थी और बताया कि ब्रिटिश सेना ने मौके पर बम निरोधक दस्ता भेजा है। पुलिस बल के असिस्टेंट चीफ कॉन्स्टेबल रिचर्ड ओकोन ने लोगों से अपील की कि वे अटकलें न लगाएं और आधिकारिक स्रोतों से अद्यतन जानकारी पर ध्यान दें।


ब्रिटिश सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम को वायुसैनिक ठिकाने से जुड़ी घटना के बारे में लगातार जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि इस वायुसैनिक ठिकाने पर बड़ी संख्या में अमेरिकी वायुसेना के कर्मी और संसाधन मौजूद हैं। अमेरिकी बलों ने आरएएफ फेयरफोर्ड का उपयोग ईरान के साथ युद्ध के दौरान हमलों के लिए किया है।


अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू किया था। इसके बाद ब्रिटेन सरकार ने अमेरिकी सेना को ईरान के मिसाइल ठिकानों पर हमले के लिए फेयरफोर्ड एयरबेस के इस्तेमाल की अनुमति दी थी।