भारत और आसियान के बीच आपदा प्रबंधन सहयोग में वृद्धि
भारत और आसियान का आपदा प्रबंधन सहयोग
भारत और दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) ने आपदा प्रबंधन में सहयोग को बढ़ाने के लिए सहमति व्यक्त की है। इस सहयोग के अंतर्गत प्रारंभिक चेतावनी प्रणालियों को सुदृढ़ करने, उपग्रह और मौसम से संबंधित आंकड़ों का आदान-प्रदान करने, संयुक्त अभ्यास करने और मानवीय सहायता को तेजी से पहुंचाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। यह जानकारी मनीला में आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन के बाद मंगलवार को जारी एक संयुक्त बयान में दी गई।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और आसियान के 11 सदस्य देशों के नेताओं ने इस अवसर पर अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की। संयुक्त बयान में कहा गया है कि भारत और आसियान दोनों भूकंप, सुनामी, बाढ़, चक्रवात, अत्यधिक गर्मी और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं के खतरों का सामना कर रहे हैं। दोनों पक्षों ने आपदाओं से निपटने के लिए सक्षम क्षेत्र बनाने की आवश्यकता को स्वीकार किया।
दोनों पक्षों ने आपदा प्रबंधन के सभी चरणों में सहयोग बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की, जिसमें आपदा की रोकथाम, तैयारी, राहत और पुनर्वास शामिल हैं। इस समझौते के तहत आसियान आपदा प्रबंधन समिति (एसीडीएम), आपदा प्रबंधन पर मानवीय सहायता के लिए आसियान समन्वय केंद्र (एएचए सेंटर) और भारत का राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) नियमित रूप से विचार-विमर्श करेंगे, ताकि आपदा प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।
भारत और आसियान ने भूकंप, सुनामी, बाढ़, चक्रवात और भूस्खलन के लिए प्रारंभिक चेतावनी प्रणालियों में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई। इसके अंतर्गत राष्ट्रीय कानूनों और नियमों के अनुसार स्वैच्छिक आधार पर उपग्रह आंकड़े, भूकंपीय निगरानी संबंधी जानकारी और मौसम पूर्वानुमान साझा किए जाएंगे। संयुक्त बयान में आपदा जोखिम के आकलन, निगरानी और पूर्वानुमान के लिए अंतरिक्ष आधारित आंकड़ों और तकनीकों के अधिक उपयोग का भी आह्वान किया गया।
यह सहयोग भारत और आसियान के बीच अंतरिक्ष क्षेत्र में चल रही साझेदारी को और मजबूत करेगा। दक्षिण पूर्व एशियाई देशों का संगठन (आसियान) एक क्षेत्रीय अंतर-सरकारी संगठन है, जो दक्षिण पूर्व एशिया के सदस्य देशों के बीच आर्थिक विकास, राजनीतिक स्थिरता, सुरक्षा और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देता है। 1967 में स्थापित आसियान के 11 सदस्य देश हैं: ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमा, फिलीपीन, सिंगापुर, थाईलैंड, तिमोर-लेस्ते और वियतनाम।
भारत के अलावा अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया जैसे कई अन्य देश इसके संवाद साझेदार हैं।
