भारत ने फलस्तीन मुद्दे पर द्विराष्ट्र समाधान के प्रति समर्थन दोहराया
भारत का फलस्तीन के प्रति समर्थन
भारत ने मंगलवार को फलस्तीन मुद्दे के लिए ‘द्विराष्ट्र समाधान’ के प्रति अपने स्थायी समर्थन की पुष्टि की। विदेश मंत्रालय की सचिव श्रीप्रिया रंगनाथन ने इस बात की जानकारी दी।
रंगनाथन, जो विदेश मंत्रालय में वाणिज्य दूतावास, पासपोर्ट, वीज़ा और प्रवासी भारतीय मामलों की सचिव हैं, 16 से 21 अगस्त तक मिस्र, फलस्तीन और लेबनान की आधिकारिक यात्रा पर हैं। उन्होंने मंगलवार को फलस्तीन की विदेश और प्रवासी मामलों की मंत्री वारसेन अघाबेकियन शाहीन से मुलाकात की और गाजा में गंभीर मानवीय स्थिति पर भारत की चिंता व्यक्त की।
भारत के फलस्तीन में प्रतिनिधि कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि दोनों पक्षों ने भारत-फलस्तीन द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की, जिसमें विकास सहयोग की व्यापक पहलों का भी समावेश था। पोस्ट में कहा गया, ‘भारत ने बातचीत के माध्यम से ‘द्विराष्ट्र समाधान’ के प्रति अपने लंबे समय से चले आ रहे समर्थन को दोहराया और गाज़ा में मानवीय स्थिति से निपटने के लिए निरंतर मानवीय सहायता, बातचीत और कूटनीति के महत्व को रेखांकित किया।’
भारत इस दृष्टिकोण का समर्थन करता है कि इजराइल और फलस्तीन अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार अपनी मान्यता प्राप्त सीमाओं के भीतर शांति और सुरक्षा के साथ एक-दूसरे के बगल में रह सकते हैं।
