भारतीय-अमेरिकी दंपति का ह्यूस्टन विश्वविद्यालय को 40 लाख डॉलर का दान
ह्यूस्टन विश्वविद्यालय को दान
(सीमा हाकू काचरू) ह्यूस्टन, 11 सितंबर - एक भारतीय-अमेरिकी दंपति ने इंजीनियरिंग अनुसंधान और शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए ह्यूस्टन विश्वविद्यालय को 40 लाख डॉलर का योगदान दिया है। विश्वविद्यालय के अनुसार, यह राशि कुलेन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के मैकेनिकल और एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग में दो स्थायी प्रोफेसर पदों, शिक्षकों के शोध के लिए फंड, स्नातक छात्रों के लिए फेलोशिप और एक संगोष्ठी श्रृंखला की स्थापना में उपयोग की जाएगी। यह दान भारतीय-अमेरिकी इंजीनियर मनमोहन सिंह कलसी और उनकी पत्नी मैरी-लुइस शूबर्ट कालसी द्वारा किया गया है।
कुलेन कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के डीन प्रदीप शर्मा ने कहा, 'ह्यूस्टन विश्वविद्यालय के स्नातक छात्रों से लेकर उद्योग के नवोन्मेषकों और उद्यमियों तक, मनमोहन कलसी की यात्रा कुलेन कॉलेज के परिवर्तनकारी प्रभाव को दर्शाती है।' यह योगदान इस दंपति के विश्वविद्यालय के साथ लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और मजबूत बनाता है। मनमोहन कलसी ने ह्यूस्टन विश्वविद्यालय से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में मास्टर और पीएचडी की डिग्री प्राप्त की थी, और उन्होंने दिवंगत प्रोफेसर गैब्रियल फाजेकास के मार्गदर्शन में अध्ययन किया।
1978 में, उन्होंने हाइड्रोडायनेमिक रोटरी सीलिंग तकनीक के क्षेत्र में अग्रणी कंपनी कलसी इंजीनियरिंग की स्थापना की। इस दंपति ने 2014 में भी कॉलेज में एक स्थायी प्रोफेसर पद के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की थी, जिसे प्रोफेसर फाजेकास की याद में स्थापित किया गया था।
