मनसुख मांडविया ने 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम में भाग लेकर फिटनेस का संदेश दिया
फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल अभियान का आयोजन
नई दिल्ली: देशभर में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए आयोजित 'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल' अभियान के तहत केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार को साइकिल चलाकर लोगों को फिट रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मांडविया ने बताया कि इस कार्यक्रम में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के साथ बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। यह 'संडे ऑन साइकिल' का 82वां संस्करण है। उन्होंने कहा कि यह एक छोटा प्रयास है, लेकिन यह बड़े बदलाव की शुरुआत कर सकता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, "जब आप साइकिल चलाते हैं, तो आप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट का हिस्सा बनते हैं। इस अभियान से जुड़कर आप स्वस्थ रहने का संकल्प लेते हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि जब व्यक्ति स्वस्थ रहेगा, तभी समाज भी स्वस्थ रहेगा, और स्वस्थ समाज ही समृद्ध राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। हर साइकिल का पैडल विकसित भारत के निर्माण में योगदान है, इसलिए सभी को हर रविवार साइकिल चलाने की आदत डालनी चाहिए।
मांडविया ने साइकिल चलाने के चार प्रमुख लाभ भी बताए। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग एक बेहतरीन व्यायाम है, यह प्रदूषण को कम करने में मदद करती है, ईंधन की बचत करती है, और सबसे महत्वपूर्ण यह शरीर को फिट रखती है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, "यह कार्यक्रम देशभर में लाखों आयुष्मान आरोग्य मंदिर कार्यकर्ताओं के सहयोग से आयोजित किया गया। मुझे खुशी है कि आज 15,000 से अधिक स्थानों पर 'संडे ऑन साइकिल' का आयोजन किया गया, जहां स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रधानमंत्री मोदी के अभियान से जुड़कर स्वस्थ रहने का संदेश दिया।"
गौरतलब है कि फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल अभियान को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने मोटापे की समस्या से निपटने और जीरो-कार्बन लाइफस्टाइल को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया है। इस राष्ट्रीय अभियान के तहत देशभर में सामुदायिक साइकिलिंग कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं। इन आयोजनों में भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) और स्थानीय प्रशासन भी सहयोग करते हैं।
