माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में तकनीकी बाधा, लाखों उपयोगकर्ता प्रभावित
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई तकनीकी समस्या
दुनिया की प्रमुख बहुराष्ट्रीय तकनीकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में बृहस्पतिवार को अचानक एक बड़ी तकनीकी समस्या उत्पन्न हुई। इस आउटेज के चलते कंपनी के प्रसिद्ध ईमेल प्लेटफॉर्म 'आउटलुक' सहित कई अन्य महत्वपूर्ण सेवाएं प्रभावित हुईं। इस तकनीकी खराबी के कारण लाखों उपयोगकर्ताओं को अपने ईमेल खातों तक पहुंचने और कार्य करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
सेवाओं में आई इस बाधा पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘डाउनडिटेक्टर’ के अनुसार, दोपहर एक बजे के आसपास लगभग 1.30 लाख उपयोगकर्ताओं ने आउटलुक (ईमेल सेवा) में समस्याओं की शिकायत की। इसके बाद शिकायतों की संख्या में थोड़ी कमी आई, लेकिन कई उपयोगकर्ताओं ने बताया कि वे न तो ईमेल भेज पा रहे थे और न ही प्राप्त कर पा रहे थे। कुछ को अपने ‘इनबॉक्स’ तक पहुंचने में भी कठिनाई हुई। माइक्रोसॉफ्ट के कार्यस्थल संवाद ऐप, टीम्स, और उसके एआई सहायक कोपायलट सहित अन्य सेवाओं में भी हजारों उपयोगकर्ताओं ने समस्याओं की रिपोर्ट की।
माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि वह अपनी सेवाओं में आई इस बाधा की जांच कर रही है, विशेष रूप से ईमेल और टीम्स सेवाओं में आ रही समस्याओं पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। कंपनी ने बताया कि उसके बुनियादी ढांचे के एक हिस्से पर सामान्य से अधिक दबाव पड़ रहा है, जिससे कनेक्टिविटी संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। माइक्रोसॉफ्ट ने यह भी बताया कि कुछ सर्वर अप्रत्याशित रूप से उपलब्ध नहीं हो पा रहे थे, जो एक तकनीकी समस्या के कारण हुआ।
हालांकि, बाद में कंपनी ने कहा कि वह समस्या को हल करने के लिए एक समाधान का परीक्षण कर रही है। साथ ही, प्रभावित सर्वर को फिर से चालू करने के लिए स्वचालित जांच की वैकल्पिक प्रक्रिया भी लागू की जा रही है। माइक्रोसॉफ्ट 365 स्टेटस खाते से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा गया, ‘‘हम सेवाओं पर पड़ रहे असर को कम करने के लिए हरसंभव उपाय तेजी से अपना रहे हैं।’’ इससे पहले कंपनी ने कहा था कि उसने उत्तरी अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट टीम्स से जुड़ी समस्याओं को सफलतापूर्वक हल कर दिया है। हालांकि, इसके बावजूद कुछ उपयोगकर्ताओं ने कनेक्टिविटी संबंधी दिक्कतें जारी रहने की शिकायत की।
