माइक्रोसॉफ्ट सेवाओं में व्यवधान: डिजिटल निर्भरता के खतरे
डिजिटल सेवाओं में व्यवधान का प्रभाव
(एंड्र्यू क्युलेन, मेलबर्न यूनिवर्सिटी) मेलबर्न, 16 नवंबर - पिछले सप्ताह माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई रुकावट ने वैश्विक डिजिटल कार्यप्रणाली को लगभग ठप कर दिया। इस घटना ने यह स्पष्ट किया कि आधुनिक डिजिटल ढांचा कुछ बड़ी तकनीकी कंपनियों पर कितना निर्भर हो गया है, और इन कंपनियों की विफलता को नजरअंदाज करना कितना जोखिम भरा हो सकता है।
इस व्यवधान के चलते आउटलुक, टीम्स और कोपायलट जैसी प्रमुख सेवाएं प्रभावित हुईं, जिनका उपयोग विश्वभर में 430 मिलियन से अधिक लोग करते हैं। ईमेल और आंतरिक संचार ठप होने से सरकारी और व्यावसायिक कार्यों में भी बाधा आई, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था को अरबों डॉलर का नुकसान होने की संभावना है।
इस घटना ने माइक्रोसॉफ्ट की छवि को भी नुकसान पहुंचाया है। कंपनी को सेवाएं उपलब्ध नहीं कराने के कारण प्रतिदिन 800 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक के जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है।
यह घटना आधुनिक डिजिटल बुनियादी ढांचे की कमजोरियों को उजागर करती है। आज का डिजिटल जीवन कुछ बड़ी तकनीकी कंपनियों पर निर्भर है, जिन्हें अब इतना बड़ा माना जाने लगा है कि उनकी विफलता की कल्पना करना भी कठिन है। सवाल यह है कि हम इस स्थिति तक कैसे पहुंचे और इससे बाहर निकलने का रास्ता क्या है।
तकनीकी बदलाव से शुरू हुआ व्यवधान
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में रुकावट एक छोटे तकनीकी बदलाव से शुरू हुई। डेटा सेंटर आमतौर पर विभिन्न कंप्यूटरों और प्रणालियों के बीच उपयोगकर्ताओं की मांग का बोझ बांटते हैं। लेकिन पिछले सप्ताह कॉन्फिगरेशन में एक मामूली बदलाव के कारण कंपनी ने अपने कुछ कंप्यूटरों पर नियंत्रण खो दिया।
ये कंप्यूटर उपयोगकर्ताओं की मांग को अन्य प्रणालियों पर भेजने लगे, जिससे उन पर अत्यधिक दबाव पड़ा और वे भी प्रभावित हो गए। यह प्रक्रिया बार-बार दोहराई गई और अंततः कंपनी का अपने नेटवर्क पर नियंत्रण लगभग समाप्त हो गया।
समस्या तब और बढ़ गई जब इंटरनेट से कटे फोन, ईमेल क्लाइंट और व्यावसायिक प्रणालियों ने एक साथ दोबारा जुड़ने की कोशिश की। इससे माइक्रोसॉफ्ट की प्रणालियों पर फिर से भारी दबाव पड़ा।
पहले किसी तकनीकी गड़बड़ी का असर आमतौर पर किसी एक कंपनी तक सीमित रहता था। लेकिन माइक्रोसॉफ्ट की इस समस्या ने लाखों लोगों के काम को प्रभावित किया, जो एक ऐसे कारोबारी बदलाव का परिणाम है जो करीब दो दशक पहले शुरू हुआ था।
बड़ी कंपनियों की विफलता का खतरा
वर्ष 2008 के वैश्विक वित्तीय संकट के बाद दुनिया ने 'टू बिग टू फेल' यानी इतनी बड़ी कंपनियां कि उन्हें विफल नहीं होने दिया जा सकता, की अवधारणा को समझा। उस संकट के दौरान बैंकों की विफलता से उत्पन्न समस्याओं का बोझ अंततः आम जनता को उठाना पड़ा।
दुर्भाग्य से, ऐसा लगता है कि दुनिया ने उस संकट से पर्याप्त सबक नहीं सीखा। पिछले कुछ वर्षों में प्रौद्योगिकी उद्योग भी इसी तरह की स्थिति की ओर बढ़ रहा है। केंद्रीकरण, कंपनियों का विलय और एकाधिकार पर नियंत्रण की कमी ने हमारी डिजिटल जिंदगी, कारोबार और सरकारी व्यवस्था को बेहद जोखिमपूर्ण बना दिया है।
इंटरनेट पर होने वाली लगभग हर गतिविधि किसी न किसी स्तर पर गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, मेटा, अमेजन वेब सर्विसेज या क्राउडस्ट्राइक जैसी कंपनियों की सेवाओं से जुड़ी है। इन कंपनियों की सेवाओं में पिछले कुछ वर्षों के दौरान कई बाधाएं आई हैं।
इन कंपनियों ने एकीकृत और लगभग अचूक बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराकर लोगों का भरोसा जीता है। लेकिन केंद्रीकरण से मिलने वाली सुविधा के साथ एक बड़ा खतरा भी जुड़ा है।
डिजिटल संप्रभुता की आवश्यकता
राष्ट्रीय बुनियादी ढांचे, कारोबार और नागरिकों के आंकड़ों के लिए कुछ गिनी-चुनी प्रौद्योगिकी कंपनियों पर निर्भरता कम करने की आवश्यकता ने डिजिटल संप्रभुता की अवधारणा को बढ़ावा दिया है।
यूरोप इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। वहां सरकारें विकेंद्रीकृत क्लाउड बुनियादी ढांचे और स्थानीय स्तर पर विकसित सॉफ्टवेयर में निवेश कर रही हैं, ताकि किसी अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी की तकनीकी विफलता से स्थानीय अस्पतालों जैसी जरूरी सेवाएं प्रभावित न हों।
दुनिया के अन्य देशों को भी इसी मॉडल को अपनाने की आवश्यकता है। ऑस्ट्रेलिया के पास डिजिटल संप्रभुता से मिलने वाले अवसरों का लाभ उठाने की अच्छी स्थिति है। वहां तकनीकी क्षेत्र में कुशल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। एटलासियन, अप्रोमोर, एयरवालैक्स और कैनवा जैसी कंपनियों ने साबित किया है कि ऑस्ट्रेलिया विश्वस्तरीय डिजिटल उत्पाद विकसित कर सकता है।
यदि सरकारें स्थानीय प्रौद्योगिकी उद्योगों में रणनीतिक निवेश करें तो इससे न केवल डिजिटल सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि बाजार में प्रतिस्पर्धा भी बढ़ेगी। इससे बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों के एकाधिकार की ताकत कम होगी और व्यवस्था से जुड़े जोखिम अलग-अलग क्षेत्रों में बंटेंगे।
भविष्य की चुनौतियाँ
इसका मतलब यह नहीं है कि बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों के मंचों से पूरी तरह दूरी बना ली जाए। वे उपयोगी सेवाएं देती हैं और भविष्य में भी देती रहेंगी। लेकिन यदि वैश्विक अर्थव्यवस्था कुछ ऐसी डिजिटल कंपनियों पर निर्भर बनी रही, जिन्हें विफलता से परे माना जाता है, तो अगली बार जब उनकी सेवाएं ठप होंगी और दुनिया की स्क्रीन काली पड़ जाएंगी, तब इसके लिए हम खुद ही जिम्मेदार होंगे।
