मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराया
मध्यप्रदेश में स्वतंत्रता दिवस का उत्सव
मध्यप्रदेश: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में तिरंगा फहराकर प्रदेशवासियों को आजादी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मुख्यमंत्री निवास और प्रदेश भाजपा कार्यालय दोनों स्थानों पर ध्वजारोहण किया और देश की एकता और अखंडता को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।
मुख्यमंत्री निवास में ध्वजारोहण
सुबह के समय मुख्यमंत्री निवास में आयोजित समारोह में डॉ. मोहन यादव ने पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया। जैसे ही तिरंगा लहराया, वहां उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों ने 'भारत माता की जय' के नारे लगाए। ध्वजारोहण के बाद, सीएम ने प्रदेश की जनता को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर आज निवास परिसर में ध्वजारोहण कर सलामी ली एवं सभी को बधाई व शुभकामनाएं दीं। #IndependenceDay #IndiaIndependenceDay pic.twitter.com/T5dyQl1DFM
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) August 15, 2026
उन्होंने कहा कि 'आज का दिन हमारे लिए गर्व और सम्मान का है। भारत को आजादी लंबी लड़ाई और हजारों शहीदों के बलिदान के बाद मिली है। ऐसे में यह दिन हमें अपने वीरों को याद करने और देश के लिए कुछ करने की प्रेरणा देता है।'
भाजपा कार्यालय में तिरंगा फहराया गया
मुख्यमंत्री निवास के बाद, डॉ. मोहन यादव प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां भी उन्होंने ध्वजारोहण किया और तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे। सभी ने तिरंगे को सम्मान दिया और एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।
'देश की ताकत है एकता' - सीएम का संदेश
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के लिए एक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि 'हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता और अखंडता है। हमें मिलकर राष्ट्र को मजबूत बनाना है।' सीएम ने आगे कहा कि विकास के साथ-साथ समाज में भाईचारा और सहयोग की भावना को भी बढ़ाना आवश्यक है। सरकार प्रदेश के विकास और नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि 'आजादी केवल अधिकार नहीं है, इसके साथ जिम्मेदारियां भी जुड़ी हैं। हर नागरिक को अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाना होगा। तभी देश तरक्की करेगा।'
