योगी आदित्यनाथ ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्घाटन किया
उत्तर प्रदेश के उत्पादों की वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के उत्पादों की गुणवत्ता, मजबूत सप्लाई चेन और उद्यमियों की विश्वसनीयता पर वैश्विक स्तर पर भरोसा किया जा रहा है।
उन्होंने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का उद्घाटन किया। इस बार 90 देशों से 600 से अधिक विदेशी खरीदार और 2400 से अधिक प्रदर्शक शामिल हो रहे हैं।
दोनों नेताओं ने एक ही ई-कार्ट से ट्रेड शो का निरीक्षण किया और उद्यमियों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो अपनी जड़ों से जुड़े रहते हैं, वे दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते हैं। यूपी ट्रेड शो परंपरा और तकनीक, विरासत और नवाचार का संगम है।
उन्होंने यह भी बताया कि 2017 में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए अमित शाह ने परंपरागत उद्योगों की ताकत को पहचाना और 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' की अवधारणा दी। स्थानीय उत्पादों को वैश्विक ब्रांड बनाने के लिए प्रतिभा और परंपरा को तकनीक से जोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 79 उत्पादों को जीआई टैग मिल चुका है और 75 नए उत्पादों के लिए आवेदन किया गया है। भदोही के कालीन, मुरादाबाद के पीतल, कन्नौज के इत्र और बनारस की सिल्क साड़ियां अब करोड़ों के कारोबार वाले ब्रांड बन चुके हैं।
एक्सप्रेसवे, हाईवे, एयरपोर्ट और फ्रेट कॉरिडोर ने बाजार तक पहुंच को आसान बनाया है। ट्रेड शो में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल हैं, जिनके विशेष पवेलियन भी लगाए गए हैं।
कार्यक्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद, सीएम ने अमित शाह को फिरोजाबाद के ओपल ग्लास से बनी राधा-कृष्ण की प्रतिमा भेंट की और 'एक जनपद एक व्यंजन' पोर्टल का शुभारंभ किया।
