राजपाल यादव की वित्तीय समस्याएं बढ़ीं, बैंक ने संपत्तियों पर चिपकाया नोटिस
राजपाल यादव के खिलाफ बैंक की कार्रवाई
मुंबई- बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। चेक बाउंस के मामले में कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे अभिनेता के खिलाफ सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने कर्ज वसूली की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। बैंक ने शाहजहांपुर में स्थित राजपाल यादव की दो संपत्तियों को नीलामी के लिए चिह्नित करते हुए वहां नोटिस चस्पा कर दिया है। बैंक का कहना है कि अभिनेता पर करोड़ों रुपए का कर्ज बकाया है, जिसकी वसूली के लिए यह कार्रवाई की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मुंबई शाखा ने शाहजहांपुर में राजपाल यादव की संपत्तियों पर नीलामी संबंधी नोटिस लगाया है। बैंक रिकॉर्ड के अनुसार, अभिनेता पर 16 करोड़ 61 लाख 64 हजार रुपए का ऋण बकाया है। कर्ज की वसूली के लिए उनकी गिरवी रखी गई संपत्तियों को बैंक ने अपने कब्जे में लेकर नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बैंक द्वारा जिन संपत्तियों की नीलामी की जा रही है, उनमें शाहजहांपुर शहर में एक संपत्ति और गांव में स्थित खेत व मकान शामिल हैं। इन संपत्तियों का आरक्षित मूल्य बैंक ने 3 करोड़ 19 लाख 26 हजार रुपए निर्धारित किया है। बैंक की ओर से जारी प्रक्रिया के अनुसार, इन संपत्तियों की ई-नीलामी 9 सितंबर 2026 को कराई जाएगी।
जानकारी के अनुसार, राजपाल यादव ने यह ऋण अपनी फिल्म 'अता पता लापता' के निर्माण के लिए लिया था। फिल्म के निर्माण के लिए बैंक से आर्थिक सहायता ली गई थी, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी। इसके बाद ऋण की किस्तों का भुगतान समय पर नहीं हो पाया और धीरे-धीरे ब्याज बढ़ता गया। अब यह राशि 16 करोड़ रुपए से अधिक हो गई है।
ऋण लेते समय राजपाल यादव ने अपनी पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी यादव की संपत्तियों को भी गारंटर के रूप में गिरवी रखा था। बैंक अब इसी आधार पर संबंधित संपत्तियों पर कार्रवाई कर रहा है। बताया जा रहा है कि शाहजहांपुर के अलावा मुंबई में उनकी कुछ अन्य संपत्तियों को लेकर भी बैंक की वसूली प्रक्रिया चल रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव को दोषी ठहराते हुए तीन महीने की कैद की सजा सुनाई थी।
