राजस्थान पंचायत चुनाव के बाद हटाई गईं 50 स्ट्रीट लाइटें, ग्रामीणों में आक्रोश
चुनाव हारने के बाद की गई कार्रवाई
पंचायत चुनाव: राजस्थान के टोंक जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पंचायत चुनाव में एक उम्मीदवार की हार के बाद महज तीन घंटे के भीतर वार्ड में लगी लगभग 50 स्ट्रीट लाइटें हटा दी गईं। इस घटना ने इलाके में राजनीतिक विवाद को जन्म दिया है। ग्रामीणों का सवाल है कि क्या चुनाव में हार का असर अब आम जनता पर पड़ेगा?
यह मामला पीपलू पंचायत समिति के वार्ड नंबर-2 का है, जहां बीजेपी की उम्मीदवार प्रियंका शर्मा चुनावी मैदान में थीं। उल्लेखनीय है कि प्रियंका शर्मा निवाई-पीपलू के विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक आलोक शर्मा की पत्नी हैं।
सूत्रों के अनुसार, चुनाव के दौरान वार्ड की गलियों में लगभग 50 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं, जिससे इलाके में रोशनी की व्यवस्था बेहतर हुई थी। स्थानीय चर्चा थी कि ये लाइटें विधायक के निर्देश पर लगाई गई थीं, लेकिन इन्हें लगाने का आधिकारिक आदेश किसने दिया, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
‘वोट नहीं तो रोड लाइट नहीं!’ चुनाव हारते ही हटाई गईं 50 स्ट्रीट लाइटें
◆ राजस्थान के टोंक जिले के पीपलू में लाइटें हटाने पर ग्रामीणों का विरोध
◆ निवाई विधायक के PA की पत्नी प्रियंका शर्मा वार्ड-2 से चुनाव हार गई थीं
◆ चुनाव परिणाम के कुछ घंटे बाद बिजली निगम की टीम लाइटें खोलकर ले गई
◆ मामले की जांच टोंक एक्सईएन आरडी मीना को सौंपी गई
#Rajasthan |#Tonk |
— News24 (@news24tvchannel) November 22, 2026
चुनाव परिणामों के बाद प्रियंका शर्मा को हार का सामना करना पड़ा। आरोप है कि परिणाम घोषित होने के तीन घंटे बाद बिजली निगम की टीम वार्ड में पहुंची और खंभों पर लगी लगभग 50 स्ट्रीट लाइटें हटा दीं। इस कार्रवाई के बाद गलियों में फिर से अंधेरा छा गया।
ग्रामीणों ने इस कदम पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सवाल उठाया कि क्या चुनाव में वोट न मिलने पर विकास की सुविधाएं भी छीन ली जाएंगी? लोगों का मानना है कि बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं किसी उम्मीदवार की जीत या हार पर निर्भर नहीं होनी चाहिए।
अब इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर स्ट्रीट लाइटें किसके आदेश पर लगाई गई थीं और चुनाव परिणाम आने के बाद उन्हें हटाने का निर्देश किसने दिया? फिलहाल इस मामले में आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं है।
