रेवाड़ी में खेत बचाओ अभियान का समापन, भाजपा में गुटबाजी की चर्चा
खेत बचाओ अभियान का समापन कार्यक्रम
रेवाड़ी: बावल एग्रीकल्चर कॉलेज में आज खेत बचाओ अभियान के समापन का एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। हालांकि, इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह और स्थानीय विधायक डॉ. कृष्ण कुमार सहित भाजपा के समर्थक कार्यकर्ता कार्यक्रम में अनुपस्थित रहे, जो चर्चा का विषय बना।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने किसानों से आग्रह किया कि वे खेती में कीटनाशकों और रासायनिक खादों का उपयोग कम करें, क्योंकि इससे भूमि की उर्वरता प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्राकृतिक और जैविक खेती को अपनाने की सलाह दी और इस दौरान प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लगभग ₹121 करोड़ की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विधायक ने एक दिन पहले जनता के बीच जाकर आमंत्रण दिया था, लेकिन जब कार्यक्रम का आयोजन हुआ, तो स्थानीय विधायक डॉ. कृष्ण कुमार कहीं नजर नहीं आए। इसके अलावा, रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव और कोसली विधायक अनिल यादव भी कार्यक्रम में उपस्थित नहीं थे।
पिछले दो दिनों में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के कार्यक्रमों में भी स्थानीय विधायक अनुपस्थित रहे, जिससे यह स्पष्ट होता है कि हरियाणा भाजपा, विशेषकर दक्षिण हरियाणा में, गुटबाजी की समस्या से जूझ रही है।
