लियोनेल मेसी ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में नया रिकॉर्ड बनाया
मेसी का नया रिकॉर्ड
डलास: लियोनेल मेसी ने अपने शानदार करियर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। रविवार को डलास स्टेडियम में फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज के मुकाबले में अर्जेंटीना ने जॉर्डन को 3-1 से हराया।
इस मैच में मेसी ने सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी के रूप में खेलते हुए एक शानदार फ्री किक पर गोल किया। इस गोल के साथ, वह विश्व कप के सात मैचों में लगातार गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उल्लेखनीय है कि अर्जेंटीना ने जून 2006 के बाद पहली बार मेसी के बिना वर्ल्ड कप मैच की शुरुआत की। इस मैच में कोच लियोनेल स्कालोनी ने टीम में 9 बदलाव किए थे।
39 वर्षीय मेसी को दूसरे हाफ में मैदान पर उतारा गया और उन्होंने आते ही अपना जादू बिखेरा। 80वें मिनट में उन्होंने एक बेहतरीन फ्री किक से गोल किया, जिसमें गेंद दीवार के ऊपर से सीधे गोल में पहुंची। इस गोल के साथ मेसी ने लगातार सातवें वर्ल्ड कप मैच में जीत दर्ज की और अपने कुल गोलों की संख्या को 19 तक पहुंचा दिया। गोल्डन बूट की दौड़ में मेसी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों काइलियन एम्बाप्पे, ओस्मान डेम्बेले, विनीसियस जूनियर और एर्लिंग हालैंड से दो गोल आगे हैं।
यह सिलसिला 2022 के कतर वर्ल्ड कप से शुरू हुआ था, जहां उन्होंने राउंड ऑफ 16 में 35वें मिनट में गोल किया था। इसके बाद क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में उन्होंने नीदरलैंड्स और क्रोएशिया के खिलाफ पेनल्टी पर गोल दागा। फाइनल में भी उन्होंने फ्रांस के खिलाफ पेनल्टी से गोल किया और अतिरिक्त समय में एक और गोल किया।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत मेसी ने अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक लगाकर की थी। इसके बाद ऑस्ट्रिया के खिलाफ उन्होंने दो गोल किए। इन गोलों के साथ, मेसी विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं, उन्होंने जर्मनी के पूर्व फॉरवर्ड मिरोस्लाव क्लोस का रिकॉर्ड तोड़ा। अर्जेंटीना को नॉकआउट स्टेज में भी मेसी से ऐसे ही दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
