संत सीताराम दास ने हिंदू बच्चे को कलमा पढ़ाने पर जताई नाराजगी, शिक्षक की बर्खास्तगी की मांग
हिंदू बच्चे को कलमा पढ़ाने का विवाद
अयोध्या: हैदराबाद के एक स्कूल में एक शिक्षक द्वारा हिंदू बच्चे को कलमा और कुरान पढ़ने का होमवर्क दिए जाने के मामले पर संत सीताराम दास ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह प्रयास सनातनी बच्चों को गुमराह करने और जबरन धर्म परिवर्तन कराने की एक निंदनीय साजिश है। संत ने सरकार से मांग की कि ऐसे शिक्षक को तुरंत बर्खास्त किया जाए।
संत सीताराम दास ने कहा, "हम ऐसे व्यवहार को बर्दाश्त नहीं करेंगे। यह मानसिकता समाज में वैमनस्य फैलाने वाली है। जो लोग भाईचारे की बात करते हैं, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए।"
उन्होंने मौलाना जरजिस के उस वीडियो पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें मौलाना ने श्रीमद्भगवद्गीता का हवाला देते हुए भगवान श्रीकृष्ण को मुस्लिम बताया था। संत ने इसे निराधार और आपत्तिजनक करार दिया और मौलाना से माफी मांगने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि वह माफी नहीं मांगते हैं, तो सरकार को उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।
राम मंदिर चढ़ावे की चोरी पर उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के बयान का समर्थन करते हुए, संत ने कहा कि "जिन्होंने सच्ची श्रद्धा से दान नहीं किया, उन्हीं का चढ़ावा चोरी हुआ।" उन्होंने कहा कि श्रद्धा और समर्पण से किया गया दान ही भगवान स्वीकार करते हैं।
वाराणसी के गंगा-वरुणा कॉरिडोर परियोजना को केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने पर संत ने इसे सराहनीय कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे काशी के विकास को गति मिलेगी।
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के बयान का समर्थन करते हुए, संत ने कहा कि सभी धर्मों के लिए समान कानून होना चाहिए। उन्होंने भाजपा शासित राज्यों में इसे लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर संत ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने कांवड़ यात्रियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की हैं। उन्होंने प्रशासन की जांच प्रक्रिया की सराहना की और कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियों को रोकना आवश्यक है।
