हिमाचल प्रदेश में मानसून का आक्रामक दौर, अगले 48 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग ने भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, साथ ही लैंडस्लाइड और फ्लैश फ्लड का भी अलर्ट है।
Himachal Weather (शिमला): हिमाचल प्रदेश में मानसून अपने सबसे तीव्र चरण में पहुँच चुका है। रविवार से बारिश का सिलसिला जारी है, और कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएँ भी सामने आई हैं। भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले 48 घंटों के लिए गंभीर मौसम की चेतावनी दी है। आईएमडी की शिमला शाखा द्वारा जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार, इस दौरान भारी से बहुत भारी बारिश के साथ-साथ बादल फटने और लैंडस्लाइड की घटनाएँ भी हो सकती हैं।
आने वाले दिनों का मौसम
सोमवार, 20 जुलाई और मंगलवार, 21 जुलाई को प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। इन दो दिनों में हालात सबसे गंभीर हो सकते हैं। चार जिलों में भारी से अति भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। 20 से 23 जुलाई के बीच मानसून की गतिविधियाँ अधिकतम होंगी, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, सड़कें बंद होने और नदियों-नालों में उफान का खतरा बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आपात स्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, आज हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। इन चार जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, ऊना, हमीरपुर, कुल्लू, शिमला और सोलन में भी भारी से अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
बिलासपुर, किन्नौर और लाहौल स्पीति में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। 25 जुलाई तक किन्नौर और लाहौल स्पीति में तेज हवाएँ चलने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की घटनाएँ भी हो सकती हैं।
स्कूल और कॉलेज बंद
हिमाचल में भारी बारिश के चलते कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर बड़ा निर्णय लिया है। 20 और 21 जुलाई को सभी सरकारी और निजी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का आदेश दिया गया है।
