हिमाचल प्रदेश विधानसभा सत्र के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने जारी किए निर्देश
हिमाचल विधानसभा सत्र की तैयारी
21 अगस्त से 3 सितंबर तक सभी छुट्टियाँ रद्द, यात्रा की अनुमति नहीं
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त से शुरू होने जा रहा है और यह 3 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान सरकार और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है। विधानसभा सत्र की तैयारी के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी कॉलेजों के प्राचार्यों और जिला उपनिदेशकों को विशेष निर्देश दिए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि 20 अगस्त से लेकर सत्र समाप्त होने तक किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को छुट्टी या यात्रा की अनुमति नहीं होगी। यदि पहले से कोई छुट्टी स्वीकृत है, तो उसे भी रद्द कर दिया जाएगा। केवल आपात स्थिति में ही निदेशक उच्च शिक्षा की मंजूरी से छुट्टी दी जा सकेगी।
तत्काल जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश
उच्च शिक्षा निदेशक सुनीता सिंह द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, विधानसभा का 12वां मानसून सत्र 21 अगस्त से 3 सितंबर तक आयोजित होगा। इस दौरान विधानसभा प्रश्नों और अन्य कार्यों के लिए विभागीय सूचनाएँ त्वरित रूप से उपलब्ध करानी होंगी। सभी अधिकारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहने और सूचनाओं को प्राथमिकता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी कार्यालयों में वरिष्ठ अधिकारियों की उपलब्धता
आदेशों में यह भी कहा गया है कि हर कार्यालय में कम से कम दो वरिष्ठ अधिकारी हमेशा उपलब्ध रहेंगे, ताकि विधानसभा से मांगी गई जानकारी तुरंत भेजी जा सके। कार्यालयों के लैंडलाइन और अधिकारियों के मोबाइल फोन कार्यदिवसों और छुट्टियों में भी चालू रहेंगे। आवश्यकता पड़ने पर अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालय समय के बाद और छुट्टियों में भी बुलाया जा सकता है।
