ह्यूस्टन में भारतीय समुदाय ने मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
भारत का स्वतंत्रता दिवस समारोह
ह्यूस्टन (अमेरिका), 16 अगस्त: अमेरिका के ह्यूस्टन में भारतीय समुदाय ने जोश और देशभक्ति के साथ भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया। इस अवसर पर भारतीय महावाणिज्य दूतावास के परिसर में ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। परिसर को गेंदे की मालाओं और तिरंगे के रंगों की झालरों से सजाया गया था। गर्मी के बावजूद, बड़ी संख्या में लोग सुबह-सुबह महावाणिज्य दूतावास पहुंचे।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद ध्वजारोहण के समय फूलों की पंखुड़ियों की वर्षा की गई और सभी ने मिलकर राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ गाया। महावाणिज्य दूत डी. सी. मंजूनाथ ने ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्र के नाम संबोधन पढ़ा।
उन्होंने उपस्थित लोगों का भारत के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए धन्यवाद दिया और ‘विकसित भारत’ की यात्रा में सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया। इस समारोह में देशभक्ति के गीत गाए गए, ‘विकसित भारत’ विषय पर चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई और ‘भारत को जानिए’ प्रश्नोत्तरी के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में निर्वाचित अधिकारियों और नगर निकाय संगठनों के नेताओं का एक प्रमुख प्रतिनिधिमंडल भी शामिल हुआ।
इस प्रतिनिधिमंडल में ह्यूस्टन विश्वविद्यालय की कुलाधिपति रेणु खटोर, फोर्ट बेंड काउंटी के न्यायाधीश डेनियल वोंग, हैरिस काउंटी की आयुक्त लेस्ली ब्रियोनेस, फोर्ट बेंड के आयुक्त डेक्स्टर मैककॉय, शुगर लैंड नगर परिषद के सदस्य संजय सिंघल, अमेरिकी सीनेटर जॉन कॉर्निन के क्षेत्रीय निदेशक जे गुएरेरो और न्यायाधीश जूली मैथ्यू एवं सुरेंद्रन पटेल शामिल थे। महावाणिज्य दूतावास में आयोजित कार्यक्रम के बाद, मंजूनाथ ने ‘इंडिया हाउस ह्यूस्टन’ स्थित ओ. पी. जिंदल सेंटर में भारतीय समुदाय के नेताओं और सदस्यों के साथ एक समारोह में भाग लिया।
