अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर ओम प्रकाश राजभर का तीखा हमला
अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा
अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा: समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव, अपने अयोध्या यात्रा के बाद भाजपा और उसके सहयोगियों के निशाने पर आ गए हैं। उनके विरोधी, रामलला के दर्शन न करने को लेकर उनकी आस्था पर सवाल उठा रहे हैं। इस बीच, कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश पर तीखा हमला किया है।
ओम प्रकाश राजभर ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "अखिलेश जी, क्या आप अयोध्या गए? दर्शन करने नहीं गए? जाते भी कैसे, दाढ़ी-टोपी की वजह से। एक बात बताइए, जब आप अयोध्या की सड़कों पर थे, क्या आपके कानों में कारसेवकों की चीखें नहीं गूंजी? वही कारसेवक जिन पर आपके पिता ने गोली चलवाई थी? क्या आपको यह याद नहीं आया?"
राजभर ने आगे कहा, "अभी भी समय है, पश्चाताप कर लीजिए। आपके पाप खत्म नहीं होंगे, लेकिन शायद भगवान माफ कर दें। प्रभु श्री राम दयालु हैं। दूसरी बात, अगर आपकी आस्था है तो राजनीतिक समीकरणों का बंधक मत बनिए। अगर आस्था नहीं है, तो स्पष्ट कहिए कि आप नास्तिक हैं।"
अखिलेश जी,
क्या आप अयोध्या गए? दर्शन करने नहीं गए? जाते भी कैसे, दाढ़ी-टोपी की वजह से।
क्या अयोध्या की सड़कों पर कारसेवकों की चीखें नहीं गूंजी? क्या आपको यह याद नहीं आया?
अभी भी समय है, पश्चाताप कर लीजिए। शायद भगवान माफ कर दें।
अगर आस्था है तो राजनीतिक समीकरणों का बंधक मत बनिए। अगर आस्था नहीं है तो कहिए कि मैं नास्तिक हूं।
बाकी आपकी एक तस्वीर देखी। भोजन प्रसाद लेते हुए। ऐसा लगता है जैसे वोट की भूख मिटाने बैठे हैं।
उम्मीद है आपकी अंतरात्मा जागेगी और आप प्रभु श्री राम के दर पर माफी मांगेंगे।
जय श्री राम, जय हनुमान।
@yadavakhilesh
— ओम प्रकाश राजभर (@oprajbhar) October 9, 2026
इसके अलावा, अखिलेश के साधू संतों के साथ भोजन पर राजभर ने तंज करते हुए कहा, "ये तस्वीर देखकर लगता है कि आप वोट की भूख मिटाने बैठे हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि आशा है कि अखिलेश की अंतरात्मा जागेगी और वह प्रभु श्री राम के दर पर माफी मांगेंगे।
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार को श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंचे थे, जिसका आयोजन पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय के आवास पर हो रहा था। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर हमला बोला। जब उनसे रामलला के दर्शन के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने पवन पांडेय की ओर इशारा करते हुए कहा कि तारीख तय करें, सभी विधायकों और सांसदों के साथ मिलकर रामलला के दर्शन करेंगे।
