अनुराग ठाकुर ने जाखू हनुमान मंदिर में की पूजा, भारत की बढ़ती भूमिका पर चर्चा
जाखू हनुमान मंदिर में दर्शन
शिमला: भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने शिमला के जाखू हनुमान मंदिर में दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना की और राज्य में स्वच्छता एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी पर जोर दिया। ठाकुर ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है।
अनुराग ठाकुर का संदेश
अनुराग ठाकुर ने एक मीडिया चैनल से बातचीत में कहा, "जब आप भगवान के चरणों में आते हैं, तो केवल मांगने के लिए नहीं आते। जाखू हनुमान मंदिर एक प्राचीन स्थल है। इसके आसपास के दृश्य देखकर सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। मेरा मानना है कि जो भी शिमला आता है और जाखू मंदिर नहीं जाता, उसकी यात्रा अधूरी रह जाती है।"
भारत की वैश्विक स्थिति
सांसद ने आगे कहा, "दुनिया भारत की ओर देख रही है। भारत अब पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। यहां की जनसंख्या भी सबसे अधिक है। हर क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर हो रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित बनाने का संकल्प लिया है। उनके कुशल नेतृत्व ने देश को कोविड और पश्चिम एशिया संकट जैसी चुनौतियों से बाहर निकाला है। मैं हनुमानजी से प्रार्थना करता हूं कि प्रधानमंत्री को और शक्ति मिले।"
पर्यटन और स्वच्छता
अनुराग ठाकुर ने कहा, "हिमाचल प्रदेश एक सुंदर और देवभूमि है, जहां पर्यटक आते हैं। लेकिन जिम्मेदार पर्यटक होना आवश्यक है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे नाले जाम होते हैं और सड़कों पर गंदगी फैलती है। जापान में लोग अपने स्टेडियम के स्थान को साफ करके जाते हैं, जिससे उनके देश की छवि बेहतर होती है। प्रधानमंत्री भी लोगों से अपील करते हैं कि वे अपनी जिम्मेदारियों को समझें और अपने शहर को स्वच्छ रखें।"
