अमेरिका में व्हाइट हाउस के पास संदिग्ध गिरफ्तार, राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या की धमकी
व्हाइट हाउस के निकट गिरफ्तारी
वाशिंगटन, 7 नवंबर (एपी) - अमेरिका की खुफिया एजेंसी ‘सीक्रेट सर्विस’ ने राष्ट्रपति के आधिकारिक निवास और कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ के समीप एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस व्यक्ति के पास से हथियार भी बरामद हुए हैं। ‘सीक्रेट सर्विस’ के अनुसार, आरोपी ने कहा कि उसे अपने मन में ऐसी आवाजें सुनाई देती थीं, जो उसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या करने के लिए प्रेरित कर रही थीं।
गृह मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, ‘सीक्रेट सर्विस’ के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार रात एक खड़ी कार में संदिग्ध गतिविधियों को देखकर उस व्यक्ति से पूछताछ की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध की पहचान रॉनी यॉर्ड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस के रूप में हुई है। उसने बताया कि उसे ऐसी आवाजें सुनाई देती थीं जो उसे वाशिंगटन जाकर राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या करने के लिए कहती थीं।
कुछ समय बाद अधिकारियों को यह जानकारी मिली कि संदिग्ध जिस वाहन में था, उसकी चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। उसके पास से तीन बंदूकें और कई कारतूस भी मिले हैं। बयान में बताया गया है कि क्रिनोस वेनेजुएला का प्रवासी है, जो मार्च 2024 में टेक्सास के रास्ते अमेरिका में दाखिल हुआ था और अवैध रूप से रह रहा था।
गृह मंत्रालय ने कहा कि क्रिनोस के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं और वह वर्तमान में ‘यूएस मार्शल सर्विस’ की हिरासत में है। ‘व्हाइट हाउस’ ने इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
