अयोध्या में 10वें दीपोत्सव का भव्य आयोजन: कार्यक्रमों की पूरी जानकारी
दीपोत्सव का कार्यक्रम
10वें दीपोत्सव का कार्यक्रम: आज (7 नवंबर 2026) वह दिन है, जिसका इंतजार लाखों रामभक्तों को लंबे समय से था। शनिवार को अयोध्या नगर भगवान राम की भक्ति में रंग जाएगा। इस आयोजन की तैयारी कई महीनों से चल रही थी। दीपावली से एक दिन पहले रामनगरी में 10वें दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें राम की पैड़ी पर 30 लाख दीप जलाकर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही लेजर शो और ड्रोन प्रदर्शन से अयोध्या जगमगाएगी। आइए जानते हैं दीपोत्सव में आज होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों के बारे में-
दीपोत्सव के प्रमुख कार्यक्रम:
शोभायात्राएं: सुबह 9:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक साकेत महाविद्यालय से राम कथा पार्क तक रामायण पर आधारित 21 से अधिक भव्य झांकियां और शोभायात्राएं निकाली जाएंगी।
विशिष्ट अतिथियों का आगमन: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस दीपोत्सव में शामिल होंगे।
दर्शन एवं पूजन: दोपहर 1:15 से 1:50 बजे तक हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन और 1:55 से 2:15 बजे के बीच राम मंदिर में रामलला के दर्शन एवं दीपोत्सव कार्यक्रम होगा।
रामकथा पार्क के कार्यक्रम: दोपहर 3:10 बजे से शोभायात्रा व प्रदर्शनी का अवलोकन, 3:30 बजे श्रीराम-सीता अवतरण व भरत मिलाप, तथा 3:45 से 5:15 बजे तक प्रतीकात्मक श्रीराम राज्याभिषेक और संत सम्मान समारोह होगा।
सरयू आरती: शाम 5:35 बजे से नया घाट पर भव्य सरयू आरती का आयोजन होगा।
दीपोत्सव और विश्व कीर्तिमान: शाम 6:00 बजे से राम की पैड़ी के 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीये जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है। इस दौरान लेजर शो और स्वदेशी ड्रोनों के जरिए आसमान में रामायण की मनमोहक झांकियां दिखाई जाएंगी।
सांस्कृतिक संध्या: रात में अंतरराष्ट्रीय रामलीला मंचन और पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम होगा।
