इमरान खान और उनकी पत्नी से जेल में वकील की मुलाकात
इमरान खान की अदियाला जेल में मुलाकात
इस्लामाबाद, 3 नवंबर: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के वकील ने रावलपिंडी की अदियाला जेल में कई महीनों बाद उनसे और उनकी पत्नी बुशरा बीबी से मुलाकात की। इस मुलाकात में कानूनी मामलों पर चर्चा की गई। इमरान खान (74) अगस्त 2023 से विभिन्न मामलों में जेल में हैं, जबकि उनकी पत्नी बुशरा को 17 जनवरी 2025 को एक अलग मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें दंपति को सजा सुनाई गई है। पीटीआई के वकील सलमान सफदर ने सोमवार को इस मुलाकात की पुष्टि की।
इस्लामाबाद उच्च न्यायालय ने इमरान खान को परिवार के सदस्यों, वकीलों और अन्य सहयोगियों से सप्ताह में दो बार, मंगलवार और बृहस्पतिवार को मिलने की अनुमति दी है। हालांकि, अदालत के निर्देशों के बावजूद, हाल के महीनों में खान की अपने परिवार और पार्टी के नेताओं से मुलाकातें काफी सीमित रही हैं। सफदर ने एक्स पर बताया कि उन्होंने इमरान खान से सात महीने और बुशरा बीबी से 11 महीने बाद मुलाकात की।
उन्होंने बताया कि यह मुलाकात 40 मिनट तक चली, जो सभी कानूनी मुद्दों पर चर्चा के लिए पर्याप्त नहीं थी। सफदर ने कहा कि दोनों ने उन्हें अपनी स्वास्थ्य स्थिति और जेल में रहने की परिस्थितियों के बारे में जानकारी दी और कुछ कानूनी मामलों के संबंध में नए निर्देश दिए। डॉन अखबार के अनुसार, पीटीआई के केंद्रीय सूचना सचिव शेख वकास अकरम ने कहा कि यह मुलाकात इमरान खान से मिलने की व्यवस्था के लिए अदालतों में दायर की गई कई याचिकाओं के सिलसिले में हुई।
