ईरान के साथ संघर्ष समाप्त करने के लिए ट्रंप ने समझौते की रूपरेखा का किया खुलासा
ट्रंप का ईरान के साथ संघर्ष समाप्त करने का प्रस्ताव
वाशिंगटन, 2 अगस्त - अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि पश्चिम एशिया के सहयोगी देशों ने ईरान के साथ चल रहे संघर्ष को समाप्त करने के लिए एक समझौते की रूपरेखा पर सहमति बना ली है। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल ईरान पर नए सैन्य हमले का आदेश नहीं दिया जाएगा। ट्रंप ने शनिवार को सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक पोस्ट में कहा कि इस समझौते में 'होर्मुज जलडमरूमध्य को तुरंत और पूरी तरह से खोलना और ईरान के परमाणु खतरे को समाप्त करना' शामिल है।
उन्होंने आगे कहा, 'इस अनुरोध के आधार पर, मैंने दुनिया के भविष्य के हित में और एक सफल एवं समृद्ध ईरान के अस्तित्व को ध्यान में रखते हुए हमलों को रोकने पर सहमति दी है, बशर्ते कि शीघ्र ही कोई समझौता हो सके।'
अमेरिका और इजराइल द्वारा 28 फरवरी को ईरान पर हमले के बाद से ट्रंप ने कई बार ईरान पर हमले रोकने की घोषणा की है, लेकिन हर बार स्थिति बिगड़ गई और संघर्ष फिर से शुरू हो गया।
ईरान की प्रतिक्रिया
ईरान के रक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा कि ट्रंप की हालिया घोषणा से ईरान 'न तो हैरान है और न ही ढिलाई बरत रहा है।' उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका से मिलने वाली धमकियों के मद्देनजर ईरान पूरी तरह सतर्क है। एक क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि ट्रंप द्वारा घोषित प्रस्ताव के तहत अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता फिर से शुरू करने की बात कही गई है, ताकि उन लंबित मुद्दों पर बातचीत की जा सके, जिनके कारण पहले कोई समझौता नहीं हो सका।
इस प्रस्ताव में होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और क्षेत्र में होने वाले हमलों को रोकने का भी प्रावधान है। इसमें इराक में ईरान समर्थित मिलिशिया द्वारा अरब खाड़ी देशों और जॉर्डन पर हमलों को रोकने की बात भी शामिल है। इसके बदले अमेरिका ईरान पर लागू अपनी नौसैनिक नाकेबंदी समाप्त करेगा और अस्थायी युद्धविराम समझौते के अनुसार तेहरान को फिर से तेल निर्यात करने की अनुमति देगा।
इजराइल और सऊदी अरब की चिंताएं
ट्रंप ने कहा कि इजराइल भी युद्ध समाप्त करने के लिए युद्धविराम समझौते को लागू करने की उनकी प्रतिबद्धता में शामिल हो गया है। हालांकि, इजराइल ने ट्रंप की इस घोषणा पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की। शनिवार को सऊदी अरब के शहजादे मोहम्मद बिन सलमान ने ट्रंप से फोन पर बातचीत के दौरान ईरान पर नए हमले की आशंका को लेकर चिंता व्यक्त की।
सऊदी अरब की समाचार एजेंसी ने इस बातचीत की जानकारी दी। एक व्यक्ति ने बताया कि सलमान ने ट्रंप से यह स्पष्ट करने को कहा कि वह ईरान के खिलाफ किस प्रकार की नई कार्रवाई पर विचार कर रहे हैं। व्हाइट हाउस ने पुष्टि की कि दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई, लेकिन बातचीत की विषय-वस्तु के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
अमेरिकी नागरिकों के लिए सुरक्षा चेतावनी
इस बीच, अमेरिकी विदेश विभाग ने 10 देशों में रह रहे अमेरिकी नागरिकों के लिए नई सुरक्षा चेतावनी जारी की है और ईरान के साथ बढ़ते तनाव के मद्देनजर उन्हें अधिक सतर्क रहने की सलाह दी है। ये चेतावनियां बहरीन, इजराइल, इराक, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के लिए जारी की गई हैं। अमेरिकी नागरिकों को संभावित उड़ान रद्द होने, अस्थायी रूप से हवाई क्षेत्र बंद किए जाने और यात्रा में अन्य बाधाओं के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
गाजा पट्टी में इजराइल के हवाई हमले
पश्चिम एशिया के एक अन्य घटनाक्रम में, रविवार को गाजा पट्टी में इजराइल द्वारा किए गए हवाई हमलों में कम से कम आठ फलस्तीनी मारे गए, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, इन हमलों में 12 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं।
