उत्तर प्रदेश में भारत टैक्सी सेवा का विस्तार: ग्रामीण बस सेवा की योजना
भारत टैक्सी का नया मॉडल
उत्तर प्रदेश: हर राइड पर कमीशन से मुक्ति, पांच लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा और सहकारिता से जुड़ाव। भारत टैक्सी का यह मॉडल अब यूपी के गांवों में भी लागू किया जाएगा। इसके तहत ग्रामीण बस सेवा को विकसित किया जाएगा, जिससे गांवों में आवागमन की सुविधा बढ़ेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को इस मॉडल पर ग्रामीण बस सेवा को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया है।
केंद्रीय सहकारिता एवं नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उत्तर प्रदेश में भारत टैक्सी को लॉन्च किया। लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में इसकी शुरुआत की गई है। टैक्सी के साथ-साथ टू व्हीलर और थ्री व्हीलर चालक भी रजिस्ट्रेशन कराकर इस सेवा से जुड़ सकते हैं।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 23, 2026
कमाई पर चालक का हक, साथ में सामाजिक सुरक्षा
भारत टैक्सी की सबसे बड़ी विशेषता इसका जीरो कमीशन मॉडल है। इससे जुड़े चालक को हर राइड की कमाई से प्लेटफॉर्म को कोई कमीशन नहीं देना होगा। इसके साथ ही उन्हें पांच लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा भी मिलेगी। कार्यक्रम में पांच सारथियों को भारत टैक्सी के शेयर प्रमाण पत्र भी सौंपे गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टैक्सी, टू व्हीलर और थ्री व्हीलर चलाने वाले लोगों की सामाजिक सुरक्षा के बारे में पहले कोई नहीं सोचता था। अब सामाजिक सुरक्षा मिलने से चालक निश्चिंत होकर जिम्मेदारी से काम कर सकेंगे।
भारत टैक्सी को केवल यात्रियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने वाली सेवा के रूप में नहीं देखा जा रहा है। इसे परिवहन, रोजगार और सहकारिता को जोड़ने वाले मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसी कारण इसके दायरे में टैक्सी के साथ बाइक और थ्री व्हीलर को भी शामिल किया गया है।
यही मॉडल अब गांवों की बसों के लिए
शहरों में भारत टैक्सी की शुरुआत के साथ ही इसके अगले विस्तार की दिशा भी तय कर दी गई है। ग्रामीण बस सेवा को इसी तर्ज पर आगे बढ़ाने के लिए परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया है। इसका उद्देश्य भारत टैक्सी के जरिए युवाओं को परिवहन से जोड़ना है, जिसे गांवों में बस सेवा के माध्यम से आगे बढ़ाने की योजना है।
इससे गांवों के लोगों को आवागमन का एक और साधन मिलेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की संभावना बढ़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि भारत टैक्सी का सही उपयोग किया गया, तो यह लाखों युवाओं के लिए रोजगार सृजन का माध्यम बन सकती है।
महाकुंभ में दिखी थी बाइक टैक्सी की उपयोगिता
ग्रामीण परिवहन और रोजगार को जोड़ने की बात करते हुए प्रयागराज महाकुंभ 2025 का उदाहरण भी प्रस्तुत किया गया। महाकुंभ में बड़ी संख्या में युवा बाइक टैक्सी के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुरक्षित संगम तक पहुंचा रहे थे। रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट तक पहुंचाने में भी उन्होंने योगदान दिया। इससे लोगों को आवागमन में सुविधा मिली और यातायात भी बाधित नहीं हुआ।
इसी अनुभव के आधार पर भारत टैक्सी के मॉडल का दायरा बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। शहर में टैक्सी, बाइक और थ्री व्हीलर से शुरू हुए इस प्रयोग को गांवों में बस सेवा तक ले जाकर परिवहन और रोजगार को साथ जोड़ने की तैयारी है।
एयरपोर्ट, मेट्रो और पुलिस से भी जुड़ी भारत टैक्सी
भारत टैक्सी ने लखनऊ में एयरपोर्ट, मेट्रो और पुलिस समेत विभिन्न संस्थाओं के साथ एमओयू किए हैं। इससे शुरुआती चरण में ही सेवा को अलग-अलग संस्थाओं से जोड़ा गया है। लखनऊ के साथ गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में भी इसका संचालन शुरू हो गया है।
भारत टैक्सी की शुरुआत फिलहाल चार शहरों से हुई है, लेकिन इसकी आगे की राह गांवों की ओर जाती दिख रही है। जीरो कमीशन, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार के इसी मॉडल को ग्रामीण बस सेवा से जोड़ने की तैयारी इसे केवल टैक्सी सेवा के बजाय व्यापक परिवहन मॉडल की ओर ले जा रही है.
