उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के पुनरीक्षण की समय सीमा बढ़ी
मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण का विस्तार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में एक करोड़ 27 लाख हिंदुओं के वोट कटने के संबंध में योगी आदित्यनाथ के बयान के बाद, चुनाव आयोग ने राज्य में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) की समय सीमा को पांच दिन बढ़ा दिया है। आयोग द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि अब प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों की मसौदा मतदाता सूची 17 नवंबर को जारी की जाएगी, जबकि पहले इसे 12 नवंबर को जारी किया जाना था।
राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंगलवार को जानकारी दी कि भारत निर्वाचन आयोग ने एक जनवरी, 2027 के आधार पर चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 का संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। इसके अनुसार, 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में संशोधन के लिए दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, मसौदा मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद, नागरिकों को अपने और परिवार के सदस्यों के नामों की जांच करने का अवसर मिलेगा। यदि किसी का नाम सूची में नहीं है, तो वे उसे शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। गलत प्रविष्टियों को सुधारने और अपात्र नामों को हटाने के लिए भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन किया जा सकेगा। चुनाव आयोग को 16 दिसंबर तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर, 2026 तक करना होगा। इसके बाद, अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी, 2027 को प्रकाशित की जाएगी। अंतिम प्रकाशन की तिथि में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
