उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सीट बंटवारे पर चर्चा जारी
सीट बंटवारे पर मंथन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के संदर्भ में इंडिया गठबंधन के बीच सीट बंटवारे पर विचार-विमर्श जारी है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं के बीच इस मुद्दे पर बातचीत चल रही है। प्रारंभिक चर्चाओं में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखा है। इस पर सपा अध्यक्ष की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।
समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'जीतनेवाली पहली 26 सीटों से शुरुआत हुई है, मिलकर समझदारी से आगे बढ़ेंगे...' दरअसल, दोनों दलों के नेताओं के बीच सीट शेयरिंग पर बातचीत जारी है। इसमें बताया गया है कि कई चरणों में चर्चा होगी, जिसके बाद सीट बंटवारे पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
जीतनेवाली पहली ‘26 सीटों’ से हुई है शुरुआत
मिलजुलकर समझदारी से और आगे बढ़ेगी बात— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 24, 2026
हाल ही में यह जानकारी आई थी कि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को यूपी में चुनाव लड़ने के लिए 26 सीटें दी हैं, जिनमें से दो सीटें वे हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 के चुनाव में जीत हासिल की थी। हालांकि, इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। ऐसे में सीट शेयरिंग पर बातचीत अभी भी जारी है।
सीट शेयरिंग पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच हुई दूसरी दौर की बैठक में कहा गया कि अगले दो बैठकों में पूरा निर्णय ले लिया जाएगा। कई सीटों पर चर्चा हो चुकी है और एक-एक सीट पर डेटा के साथ बातचीत की गई है। सकारात्मक बातचीत चल रही है और हम सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं। निश्चित रूप से दोनों पार्टियां सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ेंगी। अगली दो बैठकों में हम इसे संपन्न कर लेंगे और हमारा समझौता हो जाएगा।
