एचपीसीए ने हिमाचल को विश्व क्रिकेट में नई पहचान दिलाई
एचपीसीए का स्थापना दिवस समारोह
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष और एचपीसीए के सदस्य नरेन्द्र अत्री ने एचपीसीए के स्थापना दिवस पर सब सैंटर, हमीरपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने युवा खिलाड़ियों से बातचीत की और एचपीसीए के सफर की चुनौतियों और उपलब्धियों पर चर्चा की। अत्री ने बताया कि कैसे 2000 में श्री अनुराग ठाकुर के एचपीसीए अध्यक्ष बनने के बाद, 20 लाख वार्षिक बजट वाली एचपीसीए ने नई ऊंचाइयों को छूना शुरू किया। आज एचपीसीए के पास विश्व का सबसे सुंदर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम है, और कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। प्रदेश के विभिन्न स्थानों जैसे अमतर, हमीरपुर, लहूणु, और बिलासपुर में राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मैदान भी हैं।
एचपीसीए ने प्रदेश की नन्ही प्रतिभाओं को मंच और अवसर प्रदान करने के लिए 12 जिलों में 56 सब सेंटर में 1652 पंजीकृत खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की है। यह सब लोकप्रिय सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की दूरदर्शिता, नेतृत्व क्षमता और खेल के प्रति उनके लगाव के कारण संभव हो पाया है।
एचपीसीए के सदस्य और बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल की प्रबंधन निपुणता के चलते एचपीसीए ने धर्मशाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में विश्व कप जैसे महत्वपूर्ण मैचों के साथ एक ही सत्र में चार आईपीएल मैच सफलतापूर्वक आयोजित किए हैं, जिससे प्रदेश में क्रिकेट और पर्यटन को नई पहचान मिली है।
अंडर-12 खिलाड़ियों के लिए आयोजित विभिन्न खेलों में शिवम सिंघानिया ने 40 मीटर, उज्जवल वर्मा ने 20 मीटर, आरित गुलेरिया ने पुशअप और समभावी ठाकुर ने बैलून गेम्स में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मुख्य अतिथि नरेन्द्र अत्री ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की व्यवस्था सब सेंटर के कोच नरेश राणा और प्रवीण शर्मा ने संभाली। इस मौके पर कपिल मोहन शर्मा, दीक्षित गौतम, गर्वित ठाकुर, संदीप पठानिया, रेखा शर्मा, पल्लवी और विक्रांत चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
