कंगना रनौत और बाबा रामदेव के बीच जुबानी जंग: क्या है 'गटर जेनरेशन' विवाद?
नई दिल्ली में कंगना और रामदेव के बीच विवाद
नई दिल्ली: योग गुरु बाबा रामदेव और भाजपा सांसद कंगना रनौत के बीच जुबानी टकराव बढ़ता जा रहा है। कंगना के 'गटर जेनरेशन' पर दिए बयान के जवाब में रामदेव ने उन्हें लताड़ा, जिसके बाद कंगना ने इंस्टाग्राम पर उन्हें कड़ी फटकार लगाई।
कंगना का जवाब: 'कैरेक्टर का सबक मत दो'
कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, "बाबा जी, मेरी जवानी या बेडरूम के बारे में दिन में सपने मत देखो। कोई केवल अफवाहों और गॉसिप के आधार पर ही अनुमान लगा सकता है।"
उन्होंने आगे कहा, "कम से कम मुझे कभी सुप्रीम कोर्ट से झूठे और धोखाधड़ी वाले मेडिकल दावों के लिए फटकार नहीं लगी। मेरे पास पक्के तथ्य हैं, न कि कोई गॉसिप या अंदाजा। इसलिए मुझे कैरेक्टर का सबक मत दो। आपसे तो मेरा कैरेक्टर बहुत ज्यादा बेहतर है।"
रामदेव का बयान
बाबा रामदेव ने TV9 को दिए एक इंटरव्यू में कंगना के बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा था, "उनका बचपन कैसा रहा, जवानी कैसी रही, पहले के कारनामे कैसे रहे। मैं ऐसे लोगों के बारे में बात नहीं करना चाहता।"
रामदेव ने क्या कहा?
बाबा रामदेव ने जेन जी को 'गटर' कहने को 'बिगड़े हुए दिमाग की निशानी' बताया। उन्होंने कहा, "गलत बात है। इस पर उनकी पार्टी के लोगों को संज्ञान लेना चाहिए।" रामदेव ने यह भी कहा कि युवा भारत के वर्तमान और भविष्य का प्रतिनिधित्व करते हैं और उनकी आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
क्या है 'गटर जेनरेशन' विवाद?
यह विवाद जुलाई में जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन के दौरान शुरू हुआ। कंगना ने कुछ जेन जी प्रदर्शनकारियों को 'गटर जेनरेशन' कहा था। उनके इस बयान पर विपक्ष और सोशल मीडिया से कड़ी प्रतिक्रिया आई।
कंगना ने बाद में सफाई दी कि उनका निशाना सभी युवा या जेन जी नहीं थे, बल्कि उन लोगों के लिए थे जिन्होंने प्रदर्शन के दौरान सार्वजनिक आचरण का उल्लंघन किया। लेकिन तब तक मामला काफी बढ़ चुका था। अब बाबा रामदेव के बयान के बाद कंगना ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है।
