कांग्रेस के प्रदर्शन की तैयारी के लिए नौतनवा में बैठक आयोजित
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में प्रदर्शन में भागीदारी की अपील
शिवपुरी गांव में संगठन को मजबूत करने की दिशा में बैठक
13 जुलाई (सोमवार) को महाराजगंज में होने वाले कांग्रेस के प्रदर्शन की तैयारियों के लिए नौतनवा ब्लॉक के शिवपुरी गांव में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने की, जबकि संचालन का कार्य जिला महासचिव के.सी. पांडे ने किया।
बैठक की शुरुआत में नौतनवा विधानसभा के नए प्रभारी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. रामनारायण चौरसिया का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने उनसे अपेक्षा जताई कि वे नौतनवा विधानसभा में संगठन को और अधिक सक्रिय बनाएँ, ताकि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
जिला अध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने वाले सभी मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी से 13 जुलाई को सुबह 11 बजे महाराजगंज में होने वाले प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया। यह आंदोलन प्रभु श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और युवाओं की प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसे मुद्दों पर केंद्रित है।
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सदामोहन उपाध्याय और विधानसभा प्रभारी डॉ. रामनारायण चौरसिया ने कहा कि राहुल गांधी के आह्वान पर नौतनवा विधानसभा से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता महाराजगंज पहुंचकर प्रदर्शन में भाग लेंगे।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष राजन शुक्ला, श्रमिक संघ के जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष उमेश कुमार साहनी, एजाज अहमद सहित अन्य नेताओं ने भी अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को प्रदर्शन के उद्देश्य से अवगत कराने और अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
बैठक में मोहम्मद जकी, नजीर अहमद, सुरेश यादव, दिलीप कुमार, इंसान अली, अरुणेश उपाध्याय, उमाशंकर पांडे, त्रिवेणी यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट
