कांग्रेस ने मोदी सरकार पर संविधान का अपमान करने का आरोप लगाया
कांग्रेस का आरोप: संविधान का अपमान
लखनऊ। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के यूपी प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम और पूर्व मंत्री आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि देश देख रहा है कि भारतीय जनता पार्टी और मोदी सरकार संविधान के प्रति कितनी नफरत रखती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर दिन संविधान को रौंदते हुए अपनी अनैतिक और अराजक सोच को लागू कर रही है।
उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद भाजपा ने उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश में कांग्रेस की चुनी हुई सरकारों को गिराया, जबकि मणिपुर और गोवा में बहुमत न होते हुए भी सरकारें बना लीं। इसके अलावा, विधायकों की खरीद-फरोख्त के जरिए कर्नाटक और मध्य प्रदेश में सरकारें गिराईं और महाराष्ट्र में पूरी पार्टियों को तोड़ दिया।
उन्होंने आगे कहा कि जब संविधान में बदलाव के लिए बहुमत नहीं मिला, तो भाजपा ने अन्य तरीकों से संविधान पर हमला करना शुरू कर दिया। बाबा साहब की जयंती से लेकर संविधान दिवस तक, यह सरकार संविधान की आत्मा को रौंद रही है।
14 अप्रैल 2026 को संशोधन बिल सार्वजनिक किए गए और 16 अप्रैल को कानून पास होने के करीब 31 महीने बाद इसकी अधिसूचना जारी हुई। 131वें संविधान संशोधन में परिसीमन 2011 की जनगणना के आधार पर होना था, जिससे ओबीसी महिलाओं के अधिकारों का रास्ता बंद हो गया।
17 अप्रैल 2026 को देश ने इस बिल को नकार दिया, जिसमें 352 वोट चाहिए थे लेकिन केवल 298 मिले। इसके विरोध में 230 वोट पड़े, जिसके कारण सरकार को परिसीमन बिल वापस लेना पड़ा।
चुनी हुई सरकारें गिराईं: अरुणाचल प्रदेश और उत्तराखंड में सुप्रीम कोर्ट को सरकारें बहाल करनी पड़ीं।
बहुमत न होने पर भी सरकार बनाई: गोवा और मणिपुर में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी थी, फिर भी सरकार भाजपा ने बनाई।
विधायकों की खरीद-फरोख्त: कर्नाटक, मध्य प्रदेश और गोवा में कांग्रेस के विधायकों को तोड़ा गया।
पूरी पार्टियां तोड़ीं: महाराष्ट्र में शिवसेना और एनसीपी को तोड़ दिया गया।
संसद पर तालाः मानसून सत्र खत्म होने के बाद 105 दिन तक सत्रावसान नहीं किया गया, और इस दौरान बहुमत जुटाने का खेल चलता रहा।
14 जून 2026: टीएमसी के 28 में से 20 सांसदों का एक अनजान पार्टी में विलय कराया गया।
26 नवंबर 2026 को विशेष सत्र की घोषणा की गई। एनडीए के पास लगभग 319 सांसद हैं, जबकि संविधान संशोधन के लिए करीब 360 की आवश्यकता है।
कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने कहा कि भाजपा महिला आरक्षण के खिलाफ रही है। उन्होंने 1989 में राजीव गांधी द्वारा लाए गए महिला आरक्षण बिल का जिक्र किया, जिसे भाजपा ने गिराया था।
कांग्रेस ने मांग की है कि महिला आरक्षण बिल तुरंत लागू किया जाए और जातिगत जनगणना कराई जाए।
