कुंवर विजय प्रताप सिंह ने पंजाब विधानसभा से दिया इस्तीफा
कुंवर विजय प्रताप का इस्तीफा
अमृतसर: हाल ही में आम आदमी पार्टी के दो विधायकों ने पार्टी छोड़ने की घोषणा की थी, और अब अमृतसर नॉर्थ के विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने विधानसभा के स्पीकर को अपना इस्तीफा सौंपा है। अपने इस्तीफे में उन्होंने उल्लेख किया कि उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही है कि उन्होंने राजनीति में 'माई-बाप कल्चर' को समाप्त किया और जनता को अपने कार्यों का प्रेरणा स्रोत माना।
जानकारी के अनुसार, कुंवर विजय प्रताप और आम आदमी पार्टी के बीच मतभेद 2022 में विधायक बनने के बाद से ही शुरू हो गए थे। वह बेअदबी और बहबल कलां गोलीकांड के मामलों में न्याय की मांग कर रहे थे और अपनी ही सरकार की नीतियों पर सवाल उठा रहे थे।
इससे पहले, जनवरी 2023 में उन्होंने विधानसभा की सरकारी आश्वासन कमेटी के चेयरमैन पद से इस्तीफा दिया था। जून 2025 में, आम आदमी पार्टी ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण 5 साल के लिए निलंबित कर दिया था।
