चंद्रशेखर आजाद बने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार
लखनऊ में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का गठन
लखनऊ : आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और AIMIM ने लखनऊ में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगामी चुनावों के लिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा (गठबंधन) की घोषणा की। इस अवसर पर आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और AIMIM के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी उपस्थित थे। दोनों नेताओं ने इस दौरान सत्ताधारी बीजेपी पर तीखे हमले किए।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा, "जैसा कि आप देख सकते हैं, यह सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है। इसमें मुख्य रूप से दो दल शामिल हैं- आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन। इस मंच पर हमारे वरिष्ठ नेता, AIMIM के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी, रामेश्वर पवन, डॉक्टर मसूद, प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़, AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत और यशवंत मौर्य भी मौजूद हैं।"
असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन के बारे में कहा, "चंद्रशेखर आजाद ने घोषणा की है कि उनकी पार्टी ASP और हमारी पार्टी AIMIM मिलकर SPM यानी सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाएंगी। उन्होंने इसकी प्राथमिकताएं पहले ही स्पष्ट कर दी हैं। मैं यह विश्वास के साथ कह सकता हूं कि यह उत्तर प्रदेश में एक मजबूत विकल्प बनेगा, जो बीजेपी को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने का प्रयास करेगा।"
ओवैसी ने आगे कहा, "हम सब मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि यह गठबंधन सफल हो और इसकी सफलता से उत्तर प्रदेश की जनता भी लाभान्वित हो। बदलाव की प्रक्रिया चंद्रशेखर आजाद के मुख्यमंत्री बनने के बाद ही शुरू होगी।" उन्होंने बीजेपी से सवाल किया कि जम्मू-कश्मीर में हाल ही में हुई आतंकवादी घटनाओं पर उनकी क्या प्रतिक्रिया है।
