दिल्ली के डी.ए.वी. स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन
स्वतंत्रता दिवस का उत्सव
हर घर तिरंगा,
तिरंगा भारत की आन मान शान है, नरेश शर्मा.
दिल्ली के गांधी नगर स्थित डी.ए.वी. वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय–1 में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम और देशभक्ति के जज़्बे के साथ मनाया गया।
इस तिरंगा यात्रा का नेतृत्व विद्यालय के अध्यक्ष नरेश शर्मा और गांधी नगर भाजपा के अध्यक्ष सचिन चौहान ने किया। इस अवसर पर छात्रों के साथ शिक्षकों और अतिथियों ने भी भाग लिया। तिरंगा यात्रा में हिमांशु देसवाल, राकेश सहरावत, और विद्यालय प्रमुख लखी राम ने छात्रों का नेतृत्व किया। यात्रा कपूर बस्ती, अशोक गली, नेहरू गली, और महावीर चौक से गुजरी, जहां भारत माता की जय और वन्देमातरम के नारे गूंजे।
विद्यालय का सभागार वसु वर्मा और नेहा गुप्ता द्वारा भव्यता से सजाया गया। मुख्य अतिथि निर्मल जैन (अध्यक्ष, अल्पसंख्यक आयोग, दिल्ली सरकार), विशिष्ट अतिथि प्रिया कम्बोज (पार्षद, दिल्ली नगर निगम, गांधी नगर), और सतीश शर्मा (दिल्ली प्रांत सह-बौद्धिक प्रमुख राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान गाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और अमर जवान ज्योति पर पुष्प अर्पित करके की गई, जो भारत के वीर सैनिकों के बलिदान का प्रतीक है। इस अवसर पर विद्यालय प्रमुख लखी राम, तनुजा कसाना और अन्य अतिथियों ने भाग लिया। इसके बाद सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई और अतिथियों का स्वागत किया गया।

छोटे विद्यार्थियों ने ‘तिरंगा गीत’ पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे सभागार देशभक्ति के रंग में रंग गया। अतिथि प्रिया कम्बोज ने अपने संबोधन में शहीदों को याद करते हुए विद्यार्थियों को देशभक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविताएँ, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए एकता और अखंडता का संदेश दिया।
दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने “ऐ वतन, ऐ वतन, हमको तेरी कसम…” पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जिसने सभी का मन मोह लिया। छोटे विद्यार्थियों ने “हम सब भारतीय हैं” गीत पर सुंदर नृत्य किया।
आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने भी प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिससे सभी को अपने कर्तव्यों का स्मरण कराया गया। इसके बाद श्री निर्मल जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित किया और शहीदों को नमन किया।
विद्यार्थियों ने योगासन के माध्यम से अपने कौशल का प्रदर्शन किया। विद्यालय प्रमुख लखी राम ने विद्यार्थियों को नागरिक जिम्मेदारियों के बारे में बताया।
नरेश शर्मा ने शहीदों को नमन करते हुए विद्यार्थियों को देशभक्ति का संदेश दिया। आचार्य सतीश शर्मा ने प्रेरणादायक कहानियों के माध्यम से उत्साह और राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया।
सतीश शर्मा ने कहा कि अखंड भारत हमारा संकल्प है, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
विद्यालय के प्रबंधक गिरिजेश रस्तोगी ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया गया और सभी को देश की प्रगति में योगदान देने का संकल्प दिलाया गया।
सम्पूर्ण कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति की भावना से भरा रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रियंका अग्रवाल और श्री गजराज सिंह ने किया। अंत में राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और छात्रों को प्रसाद वितरित किया गया।
